अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
चंबा के कीड़ी स्कूल में अध्यापक ने छोटी सी बात पर दो बच्चियों की बेरहमी से पिटाई कर दी। एक बच्ची की हालत गंभीर हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। अभी तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है। गांव के लोग अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। राजकीय प्राथमिक पाठशाला कीड़ी में पढ़ने वाली गांव की बच्ची के पजिनों ने बताया कि बच्ची वीरवार को स्कूल गई थी। उसने बताया कि अध्यापक ने सवाल हल करने के लिए दिया। ऊंचाई कम होने की वजह से वह ब्लैकबोर्ड पर लिख नहीं पा रही थी। इस बात पर अध्यापक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजनों ने बताया कि स्कूल में एक और बच्ची को भी पीटा गया है। बच्ची के पिता नाकेश ने बताया कि उनकी बेटी स्कूल से घर पहुंचते ही बेहोश हो गई। देखा कि पीठ पर मारने के निशान हैं। उन्होंने बेटी को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। नाकेश ने मांग की कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सीएचसी दुनी चंद ने बताया कि उन्होंने घायल बच्ची की हालत देखी है। शुक्रवार को वह स्कूल जाकर मामले की जांच स्वयं करेंगे। इसी बीच घटना की जानकारी जुटा रहे पत्रकार को स्थानीय युवक मारने लग पड़े।
उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने बताया कि इतनी बुरी तरह से बच्ची की पिटाई करने वाले अध्यापक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज होना चाहिए। मामले में जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।