शहर के ढली वार्ड में चल रहे फोरलेन के निर्माण कार्य से इलाके के एंबुलेंस रोड बंद होने से लोग परेशान हैं। फोरलेन के निर्माण से निकलने वाला मलबा लोअर ढली की सड़कों और रास्तों पर पहुंच रहा है। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय भाजपा पार्षद शैलेंद्र चौहान ने कहा कि लोअर ढली से आए दिन लोग सड़कों और रास्तों के बंद होने की शिकायतें कर रहे हैं। एनएन अथारिटी लोगों की समस्याएं नहीं देख रहीं। एंबुलेंस रोड बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
पार्षद ने कहा कि फोरलेन निर्माण से इलाके के लोगों को भी फायदा होगा। लेकिन अभी जो परेशानी हो रही है, उसे दूर करने के लिए भी एनएच अथारिटी को गंभीरता दिखानी होगी। पार्षद ने कहा कि ढली बाजार में ड्रेनेज सिस्टम भी बंद हो गया है। नालियों की सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था न सुधारी तो वह लोगों के साथ एनएच अथॉरटी के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे।
सभी रोड बहाल, रख रहे हैं निगरानी : आरओ
एनएच अथॉरटी के आरओ जीएस सांगा ने कहा कि नालियां ब्लॉक होने की जब भी शिकायत मिली है, उसी समय हमने इसकी सफाई करवाई है। अब तक कई बार नाली साफ करवा चुके हैं। कहा कि फोरलेन के निर्माण से अभी तक कोई भी रोड बंद नहीं है। हम निर्माण पर पूरी निगरानी रख रहे हैं ताकि जनता को परेशानी न हो। कुछ लोग जानबूझकर अव्यवस्था फैला रहे हैं।