अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम ने सीपीडब्ल्यूडी को एक माह के भीतर प्रॉपर्टी टैक्स का करीब एक करोड़ रुपये चुकाने के निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन के अनुसार विभाग को साल 2014 के बाद से प्रॉपर्टी टैक्स चुकाना है।
टैक्स को लेकर विभाग ने निगम कोर्ट में भी अपील कर रखी थी, लेकिन यहां बात नहीं बनी। विभाग का दावा था कि वह प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे में नहीं आता। वहीं, निगम का कहना था कि साल 2014 तक विभाग टैक्स भरता रहा है, लेकिन यूनिट एरिया मैथड लागू होने के बाद से विभाग टैक्स नहीं दे रहा है। अब तक का कुल टैक्स ब्याज समेत करीब एक करोड़ रुपये बनता है। विभाग को टैक्स चुकाने के लिए एक माह की मोहलत दी गई है। नगर निगम के कर सचिव सुरेश शर्मा ने कहा कि विभाग को टैक्स चुकाने के लिए नोटिस जारी किया गया है।