रिपोर्ट तैयार, अब विभाग को भेजने की तैयारी
जिले 427 हो जाएगी अब पंचायतों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में 15 नई पंचायतों के गठन को लेकर प्रशासन ने सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसकी अंतिम रिपोर्ट तैयार कर अब पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग को भेजी जा रही है। जिला परिषद वार्डों में अब पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर भी एक हफ्ते के भीतर अंतिम अधिसूचना जारी हो सकती है।
15 नई पंचायतें बनने के बाद जिला शिमला में अब पंचायतों की संख्या 427 हो जाएगी। उपायुक्त कार्यालय परिसर में शुक्रवार को पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर आई आपत्तियों और उन पर की गई सुनवाई से जुड़ी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया गया। जिला प्रशासन ने तीन मार्च तक संबंधित पंचायतों के लोगों को अपनी आपत्तियां और दावे पेश करने को कहा था। इस दौरान कई लोगों ने अपनी लिखित आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। प्रशासन ने होली के अवकाश को देखते हुए पांच मार्च यानि वीरवार को भी लोगों को आपत्तियां देने की छूट दी थी लेकिन लोग नहीं आए। अब शुक्रवार शाम तक सभी आपत्तियों पर की गई सुनवाई समेत पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसे विभाग को भेजा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विभाग इन दिनों पंचायतों का रोस्टर भी तैयार कर रहा है। पंचायतों के गठन की अंतिम अधिसूचना के बाद रोस्टर भी जारी किया जाएगा।
जिले में यह बनाई जा रही नई पंचायतें
जिले की बसंतपुर पंचायत को विभाजित कर मंडयालू नई पंचायत बनेगी। धमून पंचायत से कोटीधार, केलवी पंचायत से गडाह, अढाल पंचायत से अनटापु बटाडी, खगटेडी पंचायत से केवली, टिक्कर पंचायत से दरोटी गुंजादली नई पंचायत बनेगी। शिलादेश पंचायत से धमवाडी, गांवसारी पंचायत से से मकटोट हौंचली, कलोटी पंचायत से भटवाडी-झटवाड़ी, कुलग पंचायत से टिक्कर और पौड़िया पंचायत को विभाजित कर लच्छोग नई पंचायत बनेगी। इससे पहले चमियाना पंचायत से टिपरा, बल्देयां, चैड़ी और कोलू जुब्बड़ पंचायत के कई गांवों से क्यारकोटी, दरभोग पंचायत से शिलोन बाग नई पंचायत बनाई है। थरोला पंचायत से टाहू, कथांडी नई पंचायत भी बनाई गई है। कुल 15 नई पंचायतें जिले में बनाई जा रही हैं।