हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर उपमंडल घुमारवीं के भराड़ी थाना के अंतर्गत एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अंजान नंबर से आई फोन काल्स से एक व्यक्ति को अपनी बीमा पॉलिसी की राशि डेढ़ गुना करने का लालच महंगा पड़ा।
पुलिस के अनुसार, भराड़ी के तहत बाऊनी (भपराल) गांव का बली राम नामक एक व्यक्ति अपनी गाढ़ी कमाई के 15 लाख रुपये गंवा बैठा।
‘इनिशियल पब्लिक ऑफर’ के नाम पर 25 लाख रुपये की राशि जमा करवाने के लिए कहा गया। उसे कहा गया कि उसकी बीमा पॉलिसी खत्म हो रही है। लिहाजा, इसे निकाल कर अगर इस ऑफर के तहत डाले तो रकम डेढ़ गुना हो जाएगी।
ठगी के शिकार बली राम ने विभिन्न किश्तों में लगभग 15 लाख रुपये की राशि अंजान बैंक खाते में जमा करवा दी। पुलिस ने बली राम की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
बाऊनी (भपराल) के बलि राम को कुछ दिन पहले एक अंजान नंबर से फोन आया। उन्होंने फोन रिसीव किया तो उन्हें बताया गया कि उनकी एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी घाटे में चल रही है।
आईसीआईसी बैंक शिमला में 25,500 रुपये जमा करवा दें। उन्होंने विभिन्न बैंकों में लगभग 15 लाख रुपये की राशि जमा करवाई। पुलिस के अनुसार, बली राम ने बिलासपुर स्थित आईसीआईसी बैंक के माध्यम से भी फोन कॉल करने वाले को बताए गए खाते में लगभग 49000 रुपये जमा करवाए।
पुलिस को दिए बयान में बलि राम ने बताया कि वह लगभग 15 लाख रुपये की राशि लुटा चुका है। लिहाजा, इस मामले में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई लवकेश को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिन अकाउंट नंबरों में पैसे जमा करवाए गए, उनका पता लगाया जा रहा है।