केंद्र सरकार ने किरतपुर-नेरचौक फोरलेन के शेष काम के लिए 1455.73 करोड़ रुपये के टेंडर को स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बयान जारी कर बताया कि यह कार्य शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय भूतल, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के पास इस मामले को उठाया था और यह निर्णय उसी का परिणाम है।
सीएम ने कहा कि हाईब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) पर सुंदरनगर बाईपास को छोड़कर एनएच 21 ग्रीन फील्ड एलाइनमेंट के किरतपुर से नेरचौक की चार लेन के शेष कार्य के लिए 1455.73 करोड़ रुपये के टेंडर को स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईब्रिड एन्युटी मोड पर शुक्रवार को इस सड़क के शेष काम के लिए टेंडर दिया है और जो कंपनी निर्माण करेगी, वह 15 सालों तक इसकी देखरेख भी करेगी।
सीएम ने कहा कि 29 किलोमीटर का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य प्रगति पर है। केंद्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 के विकास, रखरखाव और प्रबंधन का जिम्मा एनएचएआई को सौंपा था। प्राधिकरण ने किरतपुर से नेरचौक फोरलेन के लिए बनावट, निर्माण, संचालन और हस्तांतरण के आधार पर कार्य करने का जिम्मा उठाया है। इसके लिए एक निजी संस्था के चयन के लिए बोली प्रक्रिया कराने का फैसला लिया है, जिसके माध्यम से इस परियोजना का कार्य दिया जाएगा।
डबल इंजन से बन रहा फोरलेन : सत्ती
शिमला। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि हिमाचल में डबल इंजन की सरकार चल रही है। इसका एक बड़ा उदाहरण किरतपुर से नेरचौक तक बनने जा रहा फोरलेन मार्ग है। सत्ती ने कहा कि यह कार्य पहले रुक गया था। इस कार्य को लेकर क्षेत्र के लोगों व नेताओं की मांग थी। उन्होंने कहा यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों का परिणाम है।