किरतपुर-मनाली फोरलेन के निर्माण के बीच में ही ठेकेदार व कंपनी की ओर से डोहलूनाला स्थित टोल प्लाजा में टैक्स वसूली शुरू करने पर ऊझी घाटी के लोगों ने शनिवार को धरना प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर डोहलूनाला के पास ऊझी घाटी के लोगों ने कुल्लू-मनाली हाईवे तीन को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शन करने वाले लोग बीच हाईवे में बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हाईवे जाम करने से आम लोगों के साथ पर्यटकों को कड़ाके की ठंड में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मनाली ब्लॉक कांग्रेस के अलावा ट्रक यूनियन, टैक्सी यूनियन, टेंपो यूनियन और होटल एसोसिएशन मनाली ने मिलकर डोहलूनाला में हल्ला बोला। प्रदर्शन से करीब तीन घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
टोल-टैक्स को गुंडा टैक्स कहकर नारेबाजी भी की गई। कहा कि एक तो अभी सड़क का काम अधूरा है और दूसरा मनाली का पुल, सड़क किनारे नालियां बननी बाकी हैं।डोहलूनाला टोल प्लाजा फोरलेन सड़क के लगभग अंतिम छोर पर मनाली से महज 20 किलोमीटर पहले स्थापित किया गया है। टोल-प्लाजा से कुछ किलोमीटर की दूरी पर ग्रीन टैक्स बैरियर भी है। ऐसे में मनाली आने वाले सैलानी भी जगह-जगह टैक्स देने पर अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं।
मनाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर, फोरलेन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि महेंद्र ठाकुर, वीर सिंह ठाकुर, हीरा लाल विभू, राम लाल, विक्की, राजीव ठाकुर, घनश्याम कपूर, विद्या नेगी, राकेश ठाकुर, राज किशन और ऋषि किशोर समेत समस्त प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब दो माह पहले प्रशासन ने स्थानीय लोगों से इस टैक्स बैरियर को लेकर आपत्तियां मांगी थीं।
लेकिन अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका है। लिहाजा, यातायात बाधित होते देख शांति बहाल करने के मकसद से एसडीएम कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा और डीएसपी कुल्लू प्रियंक गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने एनएच के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात कर 16 जनवरी को कुल्लू में आपत्तियां सुनने की बात कही। इसके बाद लोगों ने धरना खत्म किया और यातायात बहाल हो सका।