शहरवासियों को सिर्फ एक कॉल पर हर समस्या का समाधान देने के लिए शुरू की नगर निगम की हेल्पलाइन सेवा चंद महीनों में ही दम तोड़ गई। इस हेल्पलाइन नंबर का टोलफ्री नंबर भी बंद पड़ा है। यही नहीं, निगम ने हेल्पलाइन के लिए जो लैंडलाइन नंबर भी जारी किया था उसे भी चौकीदार उठा रहे हैं। इन्हें यह मालूम नहीं कि यहां फोन पर क्या जवाब देना है? लोगों का कहना है निगम ने 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा चालू रहने का दावा किया था। लेकिन हालत यह है कि शाम चार बजे के बाद हेल्पलाइन सेवा पर जवाब तक नहीं मिलता। यदि चौकीदार फोन उठाते भी हैं तो वह किसी और का नंबर नहीं दे पाते।
नगर निगम ने पिछले साल शहरवासियों की सुविधा के लिए 166304 टोल फ्री नंबर जारी किया था जो अब बंद हो गया है। इसे लाइफ लाइन एक्सप्रेस का नाम दिया था। इसका कार्यालय ऑकलैंड स्थित रैन बसेरा में बनाया गया है। इसके अलावा लैंड लाइन नंबर 0177-2652771 भी जारी किया था ताकि लोग अपनी समस्या का समाधान पा सके। इसके लिए बाकायदा कर्मचारियों की तैनाती की गई। शुरुआती कुछ दिन तक यह सेवा ठीक चली लेकिन अब सुबह शाम यह फोन चौकीदारों के हवाले हैं।
यह मिलनी हैं सेवाएं
निगम ने इस सेवा के जरिये शहरवासियों को इलेक्ट्रीशियन, पलंबर, फीटर, वेल्डर, मोटर मेकेनिक, सोफा रिपेयर, सिलाई कढ़ाई, पेंटर आदि की सुविधाएं देने का दावा किया था। इसमें सेवाएं देने वाले कर्मचारी नगर निगम से पंजीकृत हैं। यह बाकायदा नगर निगम की तय दरों के अनुसार काम का शुल्क लेंगे। यह सेवा 24 घंटे चलाने का दावा था। लेकिन इसकी हवा निकल गईं।
रियलिटी चेक
लोगों की शिकायतें मिलने के बाद अमर उजाला की टीम ने हेल्पलाइन सेवा का रियलिटी चेक करने के लिए शनिवार शाम तीन बजे कॉल किया। लेकिन हेल्पलाइन नंबर बंद मिला। इसके बाद साढ़े चार बजे लैंडलाइन नंबर पर कॉल किया तो एक चौकीदार ने फोन उठाया। पूछने पर जवाब मिला कि मैडम घर चले गए हैं। मुझे नहीं पता नंबर कहां रखे हैं। यह कहकर चौकीदार ने फोन काट दिया।
चेक होगी व्यवस्था
यदि हेल्पलाइन नंबर बंद हो गया है, तो इसे चेक किया जाएगा। अभी तक मेरे पास इसकी कोई शिकायत नहीं आई है।
पंकज राय, नगर निगम आयुक्त