अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिन मंगलवार, समय दोपहर-12:05 मिनट। भट्ठाकुफर के लोग बाल्टियां लेकर पानी की सप्लाई का इंतजार कर रहे हैं। निगम ने दोपहर के समय पानी देने का शेड्यूल जारी किया था लेकिन पानी नहीं आया। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
पार्षद रीता ठाकुर भी मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों से बात की तो पता चला कि आठ दिन से पानी नहीं आ रहा। कई लोगों ने निगम के संजौली स्थित दफ्तर कॉल किया तो जवाब मिला, जल्द पानी देंगे। पार्षद के सामने लोगों का दर्द बाहर आ गया। स्थानीय निवासी सीमा, रीना, शोभा ठाकुर, अंजू, प्रकाश ठाकुर, सत्या, रामलाल, अनुराधा, अनिता, मदन ने बताया कि पिछले दो महीने से वार्ड के हजारों लोगों को बूंद बूंद को तरसना पड़ रहा है। पूरे महीने का बिल देकर निगम हमें तीन दिन पानी देता है।
---नेरीधार में दस दिन से पानी नहीं
दोपहर 12:30 मिनट, नेरीधार इलाके में भी सप्लाई नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो महीने से आठवें और दसवें दिन पानी मिलता है। प्रेशर इतना कम कि चंद बाल्टियां भर पाती हैं। ज्यादातर लोगों को टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
1. गंदा पानी पीने को मजबूर
आठ दिन हो गए, लेकिन पानी नहीं आया। दो महीने से चूरट नाला का गंदा पानी पीना पड़ रहा है। आए दिन टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।- धनीराम शर्मा
2. नई लाइन से आज तक पानी नहीं
भट्ठाकुफर के लिए चार इंच की नई लाइन बिछ चुकी है, लेकिन इससे आज तक पानी नहीं आया। पुरानी लाइन से हफ्ते में एक बार पानी आता है- हरबंस गुप्ता
3. नहाने, शौचालय तक को पानी नहीं
नहाना, शौचालय तो दूर, घर में पीने लायक पानी नहीं बचा। बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। पानी महीने में तीन दिन लेकिन बिल पूरा भर रहे हैं- राकेश कश्यप
4. शिकायत किससे करें, फोन नहीं उठाते
पानी न आने पर निगम फोन करो तो वे अफसरों के नंबर दे देते हैं। वहीं, अफसर तो फोन उठाने को तैयार नहीं। हम शिकायत करें भी तो किससे?- पुष्पा ठाकुर
5. नेरीधार में सबसे ज्यादा समस्या
नेरीधार में दस दिन बाद पानी आ रहा है। लोगों को पैसे इकट्ठा कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। कोई हैडपंप या बावड़ी भी नहीं जिससे पानी भर सकें। कहां जाएं- गीता देवी
6. पैसे देकर खरीद रहे पानी
निगम सप्लाई तो दूर टैंकर तक नहीं भेजता। 20 दिन पहले एक टैंकर भेजा जिससे दो दो बाल्टी पानी मिला। हजार रुपये देकर खुद टैंकर मंगवाना पड़ रहा है-लता
7. प्रेशर कम, आधी रात को भर रहे पानी
निगम दसवें दिन भी आधी रात को पानी की सप्लाई दे रहा है। उसमें भी प्रेशर कम। कई पाइपों में हवा भर जाती है। जगह जगह लाइन खोलनी पड़ती है- रमेश ठाकुर
8. जनता की परवाह नहीं, वीआईपी ड्यूटी जरूरी
निगम दफ्तर में शिकायत पर जवाब मिल रहा है कि कर्मचारी वीवीआईपी ड्यूटी में गए हैं। लाइनें चैक करने के लिए कर्मचारी तक नहीं। अब धरना ही देना पड़ेगा- नरेंद्र ठाकुर, पूर्व पार्षद
पार्षद बोलीं, हमसे भेदभाव
ज्यादातर वार्डों में तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है जबकि हमारे इलाके में सातवें आठवें दिन पानी देते हैं। हमारे साथ भेदभाव हो रहा है।- रीता ठाकुर, स्थानीय पार्षद
निगम का दावा, झूठ बोल रहे लोग
आठवें और दसवें दिन पानी देने की बात गलत है। सभी इलाकों को तीसरे दिन पानी दे रहे हैं। जब कभी तीसरे न दे पाएं तो चौथे दिन जरूर सप्लाई देते हैं। मंगलवार को शिकायत मिली है तो हमने कर्मचारी मौके पर भेज दिए हैं।
राजेश मंढोत्रा, कनिष्ठ अभियंता, नगर निगम