शिमला। विधानसभा चुनाव के लिए जिला शिमला ने मतदान का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। जिले में पहली बार मतदान का आंकड़ा 70 फीसदी पार कर गया। यहां शाम पांच बजे तक कुल 72.68 फीसदी मतदान हुआ। यह पिछले चुनाव से करीब तीन फीसदी ज्यादा रहा। कुल तीन लाख 93 हजार 465 मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। इनमें 2, 05, 980 पुरुष मतदाता जबकि 1, 87, 485 महिला मतदाता शामिल है। जिला निर्वाचन आयोग ने दावा किया कि जिले में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां 69.32 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइनों से दोपहर को ही अंदाजा लग गया था कि इस बार रिकॉर्डतोड़ मतदान होगा। जिलेभर में जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 80.24 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं, शिमला ग्रामीण और शहर सीट पर भी मतदान में इस बार सुधार देखने को मिला। शिमला शहर सीट पर इस बार 63.75 फीसदी मतदान हुआ जो 2012 के 59.22 और 2007 के 47.2 के मुकाबले ज्यादा है। उधर, शिमला ग्रामीण सीट पर भी 73.05 फीसदी मतदान हुआ है। 2012 में यहां 59.32 वोटिंग हुई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर का कहना है कि ज्यादातर सीटों पर मतदान में वृद्घि हुई है। कहा कि जिला में हर पोलिंग स्टेशन पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
जिला प्रशासन ने किया 73 फीसदी का दावा
जिला निर्वाचन आयोग ने शाम पांच बजे तक 73 फीसदी मतदान का दावा किया। बाकायदा मीडिया को इसका प्रेसनोट भी जारी किया गया। लेकिन आयोग के कंट्रोल रूम में शाम करीब साढ़े आठ बजे सभी सीटों से मिली रिपोर्ट के आधार पर 72.68 फीसदी मतदान का दावा किया गया।
रंग लाई जिला निर्वाचन आयोग की मुहिम
जिला में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने की जिला निर्वाचन आयोग की मुहिम रंग लाई। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने पहल करते हुए गो ब्लू और बालतंत्र जैसे अभियान छेड़कर जिले के मतदाताओं को मतदान के लिए जागरुक किया। शिमला शहर में तो मतदान में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ लेकिन ग्रामीण सीट पर करीब 13 फीसद तक वोटिंग बढ़ी है। उपायुक्त ने खुद कई स्कूलों में जाकर छात्रों के जरिए ग्रामीण इलाकों के लोगों को वोट देने के लिए तैयार किया। शिमला शहर जहां हर बार मतदान प्रतिशतता 60 फीसदी से कम रहती है, वहां भी इस बार 63 फीसद से ज्यादा मतदान हुआ। उपायुक्त के अलावा रिटर्निंग ऑफिसर ज्योति राणा, भूपेंद्र अत्री और अजीत भारद्वाज की टीम ने मतदान तक जागरुकता अभियान चला रखे थे।
किस सीट पर कितना मतदान हुआ
सीट मतदान फीसद
शिमला शहर-63.75
शिमला ग्रामीण-73.05
कसुम्पटी-66.97
चौपाल-75.20
रोहड़ू-71.83
जुब्बल कोटखाई-80.24
ठियोग-73.02
रामपुर-74.30
कुल मतदान-72.68