कान्वेंट आफ जीजस एंड मेरी चेल्सी स्कूल में बुधवार को छठी से बारहवीं कक्षा का वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें आईटीबीपी के क मांडेंट डॉ. दीपक कुमार पांडे मुख्यातिथि के रूप में शरीक हुए। स्कूल स्टाफ ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। स्कूल प्रधानाचार्य शायमा जोश ने स्कूल की सालभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट पेश की।
समारोह में डॉ. रचना पांडे भी अतिथि के रूप में शरीक हुईं। स्कूल की मैनेजर सिस्टर मरिना जॉन भी इस मौके पर मौजूद रहीं। समारोह का आगाज छात्राओं के गीत और नृत्य से हुई। छात्राओं ने रविंद्रनाथ टैगोर की रचना पोस्ट ऑफिस की कहानी का सफलता पूर्वक मंचन किया। यह नाटक एक माधव के गोद लिए गए एक अनाथ बच्चे की कहानी पर आधारित है, जो एक गंभीर बीमारी से ग्रस्त था।
ऐमल नाम के इस बच्चे की बीमारी को लेकर गांव के डॉक्टर ने उसके बाहर घूमने-फिरने पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की सलाह दी थी। बच्चे को चारदीवारी में ही रहना पड़ रहा था। वह वहीं से आने-जाने वाले लोगों के साथ बातचीत कर उन्हें अपना दोस्त बना लेता है। बच्चा अनोखी प्रतिभा का धनी था। वॉचमेन उससे कहता है कि राजा से उसके इलाज को लेकर जरूर एक दिन पत्र आएगा और वह बिल्कुल ठीक हो जाएगा।
बच्चा ऐमल और गंभीर रूप से बीमार हो जाता है, जिस पर राजा उसके उपचार के लिए अपना वेद भेजता है, मगर तब तक वह मर जाता है। समारोह में छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक की सैकड़ों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में मुख्यातिथि और प्रधानाचार्य ने स्कूल में स्कॉलरशिप प्राप्त करने वाली छात्राओं को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया। समारोह का समापन पर स्कूल की कल्चरल कैप्टन प्रीतिका नेगी और साथी छात्राओं की नृत्य की प्रस्तुति से किया गया।