हिवन गांव की घटना, स्पेशल सेल ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई
केस दर्जकर शुरू की मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला पुलिस ने समरहिल के हिवन गांव में एक कमरे में दबिश देकर एक युवती और तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान स्मृति निवासी चियोग, ठियोग, रजत शर्मा बलद्वाड़ा, मंडी, अभिषेक निवासी कसुम्पटी, विनय चौहान निवासी जुब्बल, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.520 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
चारों के खिलाफ बालूगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मामला सोमवार का है जब पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने समरहिल के हिवन गांव में सूचना के आधार पर एक किराये के मकान में दबिश दी। इस दौरान कमरे में चारों आरोपी मौजूद थे। पुलिस ने जब तलाशी ली तो आरोपियों के कब्जे से 11.520 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। स्पेशल सेल की टीम ने चिट्टा बरामद होने के बाद मामले की सूचना बालूगंज पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों में से कई युवक अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि चिट्टे के साथ एक युवती और युवक को पकड़ा गया है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।