पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-कालाअंब एनएच-7 पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को कार पेड़ से टकरा गई थी। इसमें 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एक घायल ने बुधवार को दम तोड़ दिया।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 5 लोग एक मारुति कार से पांवटा क्षेत्र में पंहुचे। इस दौरान एनएच-7 पर क्यारदा के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में उत्तर प्रदेश के आलमपुर निवासी नफीस अख्तर (52) पुत्र अब्दुल सतार तथा सहारनपुर निवासी बहार अहमद (44) पुत्र मोहम्मद हसन की मौके पर ही मौत हो गई है। इसके अलावा 3 गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें नाहन रेफर किया गया। उसके बाद परिजन घायलों को देहरादून उपचार के लिए ले गए। माजरा चौकी प्रभारी बीरु अहमद ने बताया कि हादसे में गंभीर रुप से घायल सहारनपुर निवासी जहीर अहमद (40) पुत्र जिंदा हसन ने दम तोड़ दिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि शमशाद अली (25) निवासी सहारनपुर व अब्दुल खालिद (80) पुत्र खालिलऊर हसन निवासी आलमपुर देहरादून अस्पताल में उपचाराधीन है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि क्यारदा सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। तीसरे मृतक जहीर अहमद (40) का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।