पांवटा साहिब (सिरमौर)। एनएच किनारे से शराब के ठेके हटाने के निर्देश के बाद रिहायशी इलाकों में ठेका खोला जा रहा है। इसे लेकर हर जगह विरोध हो रहा है। इसी के तहत पांवटा साहिब में आईआरडीपी परिवार के लिए बनाई गई एक दुकान में ही ठेका खोल दिया गया। हैरानी की बात है कि जहां ठेका खोला गया है, सिविल अस्पताल इसके साथ सटा है। वहीं गुरुद्वारा व पुलिस थाना भी ठेके से कुछ दूरी पर ही है। पंचायत समिति पांवटा की ओर से दशकों पहले आईआरडीपी परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए बनाई गई दुकानों में से एक में शराब ठेका खोल दिया गया है। अब आबकारी एवं कराधान विभाग, पंचायत समिति पांवटा व ठेके के ठेकेदार के खिलाफ सवाल उठ रहे हैं। इसके खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। यहां से ठेका हटाने के लिए रविवार तक का अल्टीमेटम दिया गया है। हिमाचल यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, परमिंद सिंह, दर्शन सिंह, गोगी वर्मा, हरदेव सिंह, नीरज वर्मा, नगर परिषद कमेटी की पार्षद इंद्रप्रीत कौर, रविंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, रण सिंह, राजेश कुमार, अयूब, प्रेम व पृथ्वी सिंह समेत स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि इस ठेके को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह दुकानें आईआरडीपी के लिए बनी हैं। ठेका खोलने के खिलाफ बुधवार को दर्जनों लोग ठेके के बाहर धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देख कर शराब के ठेकेदार ने दो घंटे का समय मांगा। विरोध करने वालों का कहना है कि आबकारी विभाग अस्पताल गेट के पास कैसे ठेका खोलने की अनुमति दे रहा है। उधर, ईटीओ पांवटा विनय चौधरी ने कहा कि शिकायत मिली है। ईटीआई पांवटा शिकायत की जांच करेंगे।
सबलेटिंग करने वाले पर होगी एफआईआर दर्ज: तोमर
बीडीसी अध्यक्ष पांवटा रमेश तोमर ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसके नाम से दुकान अलाट की गई है, पूरा रिकार्ड देखा जा रहा है। दुकान सब लेटिंग कर, शराब ठेका खोलने के लिए देना चिंताजनक है।