अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला के कई निर्वाचन क्षेत्रों में वीरवार को शाम पांच बजे के बाद भी मतदान जारी रहा। शिमला ग्रामीण, जुब्बल-कोटखाई, रोहड़ूू समेत कई मतदान केंद्रों के बाहर वोटर डटे रहे। जिला में मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में खराबी भी आई। जिससे मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मतदान केंद्रों से ईवीएम की खराबी की सूचना जिला निर्वाचन आयोग को मिली है।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में वीवी पैट, कंट्रोल और बैलेट यूनिट समेत आठ मशीनें खराब हुई। हालांकि, इन्हें जल्द ही ठीक भी कर दिया गया। कसुम्पटी में चार वीवीपैट मशीनें खराब निकली। यहां भौंट, सांगटी दो, सांगटी तीन, क्यार कोटी और सुराला में वीवी पैट और बैलेट यूनिट मशीन खराब हो गईं। रिटर्निंग ऑफिसर ज्योति राणा ने बताया कि शिकायत के बाद इन्हें तुरंत बदला गया। उधर, जुब्बल कोटखाई के टाऊ में भी वीवीपैट मशीन खराब हो गई। रामपुर के दरकाली और करांगला में सुबह दस बजे ईवीएम खराब हो गई, इसके चलते वोटिंग रोकनी पड़ी। दरकाली में 10:47 मिनट पर ईवीएम को ठीक किया गया। वहीं, करांगला में भी पौना घंटा बाद मशीन ठीक हो पाई। रामपुर के गौरा में सुबह दस से लेकर 11:50 मिनट तक मशीन खराब रही। जुब्बल कोटखाई के दरकोटी में भी सुबह करीब आधा घंटा वोटिंग नहीं हो पाई जबकि सालना में भी तकनीकी खराबी के चलते कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा। चौपाल और रोहड़ू से भी मशीनों को लेकर खराबी आने की सूचना मिली है। हालांकि, निर्वाचन टीमें सत्तर्क रही और जल्द ही मशीनें ठीक कर दोबारा मतदान शुरू करवा दिया।