जिला किन्नौर के टापरी पुलिस चौकी के तहत चगांव पंचायत के धरमालिंग गांव में एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला। छात्र ने स्टॉल का फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। आत्महत्या क्यों की, इसका अभी तक पता नहीं चला है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर शाम चगांव के कालो नामक स्थान पर नरेंद्र कुमार (15) पुत्र रतनदास नेगी निवासी गांव धरमालिंग, किन्नौर पेड़ से लटका मिला।
नरेंद्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चगांव में दसवीं कक्षा में पढ़ता था। किशोर के मामा सुखसागर नेगी ने शव पेड़ से लटका देखा और इसकी सूचना पंचायत प्रधान वीर सिंह नेगी को दी। साथ ही इस बारे में पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही भावानगर से एएसआई प्यारे लाल की अगुवाई में टापरी चौकी प्रभारी हरबंस, मुख्य आरक्षी अमित, मानक मुख्य आरक्षी जनिंद्र कुमार नेगी, आरक्षी महेंद्र, मानक मुख्य आरक्षी रजवंत नेगी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टापरी लाया।
डीएसपी किन्नौर बीडी भाटिया ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है। किशोर ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।