हिमाचल के जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल के झुंगी में बुधवार रात एक नैनो कार खाई में जा गिरी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसे में कार चालक गंभीर रुप से घायल हो गया है जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है जिसके बाद इसे आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार ब्रोहकडी निवासी जोगिंद्र पाल(30) पुत्र धर्म सिंह और केशव राम (37) पुत्र कातकू राम जाच्छ में एक समारोह से वापस लौट रहे थे।
रात करीब नौ बजे जब वे झुंगी नाला के पास पहुंचे को कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट नीचे ढांक में लुढ़क गई। इस घटना में केशव राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जोगिंद्र पाल गंभीर रुप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने दोनों को सुंदरनगर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने केशव राम को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।