शहर के अधिकतर होटल शनिवार के लिए एडवांस बुक, रविवार के लिए भी 50 ऑक्यूपेंसी
दोपहर 12 बजे ही पैक हो गई पार्किंग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल में प्रवेश के लिए कोविड ई पास पंजीकरण की औपचारिकता खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में सैलानियों ने वीकेंड पर हिल्स क्वीन शिमला का रुख किया है। शुक्रवार को शहर के अधिकतर होटलों में 90 से लेकर 100 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही। शनिवार के लिए भी अधिकतर होटल एडवांस बुक हैं। रविवार के लिए होटलों के 50 फीसदी कमरे अभी से बुक हो चुके हैं।
राजधानी शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा भी वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे ही सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास स्थित बहुमंजिला पार्किंग पैक हो गई। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी दिनभर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। सैलानियों की भारी आमद के कारण शुक्रवार को दिनभर सर्कुलर रोड पर बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती रही।
शिमला के होटल कॉम्बरमेयर के महाप्रबंधक पुरुषोत्तम राणा ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार के लिए होटल एडवांस बुक हो गया है। रविवार के लिए भी 50 फीसदी एडवांस बुकिंग है। रेडिसन होटल के वाइस प्रेसिडेंट विकास कपूर ने बताया कि वीकेंड के लिए शुक्रवार से लेकर रविवार तक होटल के सभी कमरे बुक हैं। होटल विलोबैंक के फ्रंट ऑफिस मैनेजर संजय शर्मा ने बताया कि शुक्रवार के लिए 90 फीसदी ऑक्यूपेंसी है। शनिवार को होटल पूरी तरह एडवांस बुक हैं। रविवार को भी 40 से 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी रहने की उम्मीद है। कुफरी गलू के होटल स्टर्लिंग के मैनेजर ऑपरेशन जीआर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार के लिए होटल पूरी तरह एडवांस बुक है, रविवार के लिए कमरे 60 फीसदी बुक हैं।
टूरिज्म लिफ्ट से 7200 लोग पहुंचे मालरोड
राजधानी शिमला में सैलानियों की भारी आमद के चलते सर्कुलर रोड से माल रोड जाने के लिए पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का शुक्रवार को 7200 लोगों ने इस्तेमाल किया। सुबह 9 से शाम 8 बजे तक लिफ्ट के बाहर सैलानियों की कतारें लगी रहीं।
ट्रेनों में 80 फीसदी तक पहुंची ऑक्यूपेंसी
कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में भी केंद्र पर 70 से 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंच चुकी है इन दिनों कालका शिमला ट्रैक पर पांच गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। दो दिन के भीतर बाहरी राज्यों से करीब 9000 वाहन शिमला पहुंचे हैं। डीएसपी ट्रैफिक शिमला अजय भारद्वाज ने बताया कि शोघी बैरियर से वीरवार सुबह 7 बजे से शुक्रवार शाम 8 बजे तक करीब 9000 वाहनों ने प्रवेश किया है। ट्रैफिक व्यवस्था बहाल रखने के लिए 2 शिफ्टों में 200 से अधिक जवान ड्यूटी दे रहे हैं। 25 बाइक राइडरों और क्यूआरटी की भी मदद ली जा रही है।