फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतांग में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी, चार घंटे तक फंसे रहे 50 लोग

Thu, 16 Nov 2017 07:50 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कोकसर (लाहौल-स्पीति)/शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतांग समेत हिमाचल की ऊंची चोटियों पर पिछले दो दिन से रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। वीरवार शाम तक रोहतांग दर्रे में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। बर्फबारी के बीच बुधवार को लाहौल से मनाली जा रही एक सरकारी बस व आधा दर्जन वाहन रोहतांग में फंस गए। 
विज्ञापन



बर्फ में वाहन स्किड होने से जाम लग गया। बस में सवार 27 यात्रियों समेत फंसे अन्य लोगों को रेस्क्यू टीम की मदद से कोकसर और मनाली पहुंचाया गया। हालांकि, वीरवार को रोहतांग दर्रे से तीन दर्जन छोटे वाहन गुजरे, लेकिन सफर खतरनाक हो गया है।

रोहतांग में फंसे एक वाहन के चालक अशोक ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे वह लाहौल से मनाली के लिए निकला। राक्षी ढांक में बर्फबारी शुरू हो गई। आगे चल रही बस स्किड होने से चढ़ाई में फंस गई। इससे जाम लग गया। 
विज्ञापन


करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात्रि पैदल 9 बजे मनाली पहुंच पाए। बस में सवार यात्री पैदल ही दर्रा पार कर मनाली पहुंचे। कुछ यात्रियों ने दूसरे वाहनों में लिफ्ट ली। एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग मंगल चंद मनेपा ने बताया कि सभी यात्रियों को बचाव चौकी दल की सहायता से सुरक्षित पहुंचा दिया गया।

एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग मंगल चंद मनेपा ने बताया कि सभी यात्रियों को बचाव चौकी दल की सहायता से सुरक्षित पहुंचा दिया गया। उधर, रोहतांग दर्रे पर हल्की बर्फबारी के बाद एचआरटीसी ने लंबे रूटों की बस सेवा बंद कर दी है।

मनाली-केलांग के बीच छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। केलांग-लेह सामरिक मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। हिमपात के बाद शिंकुला दर्रा होकर जंस्कर जाने वाला सड़क मार्ग बंद हो गया है। बीआरओ से मिली सूचना के मुताबिक शिंकुला और बारालाचा दर्रे में करीब 15 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है।
विज्ञापन

शीतलहर की चपेट में शिमला, छाए रहे बादल

चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। राजधानी शिमला में कड़ाके  की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक शुक्रवार को शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

18 और 19 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 20 से 22 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। वीरवार को कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस 0.2, केलांग में 0.5, मनाली में 3.6, डलहौजी में 3.4 और शिमला में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें