संवाद न्यूज एजेंसी, धर्मशाला। पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित जेल वार्डर भर्ती में 1153 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को पास करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया है। इसमें जिला कांगड़ा से 736, चंबा से 255 और जिला ऊना से 160 महिला पुरुष अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। तीनों जिलों से 5864 अभ्यर्थियों ने जेल वार्डर भर्ती के लिए आवेदन किया था।
पुलिस मैदान धर्मशाला में जेल वार्डर के 77 पुरुषों और 14 महिला के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया था। इन पदों के लिए नॉर्थ रेंज से 5864 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। भर्ती प्रक्रिया 4 फरवरी से शुरू हुई। भर्ती प्रक्रिया के पहले दो दिन मौसम खराब रहा, जिसके चलते अभ्यर्थियों के ग्राउंड टेस्ट नहीं हो पाए। इसके चलते ऐसे अभ्यर्थियों को 10 फरवरी को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया था।
इन पदों के लिए कांगड़ा जिला से सर्वाधिक 4,230 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 3614 पुरुष और 616 महिला उम्मीदवार शामिल थीं। इनमें से 738 ने ग्राउंड टेस्ट पास किया। चंबा से 845 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें 784 पुरुष तथा 61 महिला अभ्यर्थी थीं। इनमें से 255 ने मैदानी परीक्षा पास की। ऊना जिला के 789 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिसमें 771 पुरुष तथा 18 महिला अभ्यर्थी थी। 160 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की।
तीनों जिलों से 531 अभ्यर्थी लंबाई, 333 छाती, 147 दौड़, 515 हाई जंप और 189 अभ्यर्थी लॉंग जंप की बाधा को पार नहीं कर पाए। जिला कारागार धर्मशाला के अधीक्षक विकास भटनागर ने बताया कि भर्ती की आगामी प्रक्रिया के लिए मैदानी परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को जानकारी दे दी जाएगी।