पेदल यात्रा पर निकलीं अंजली दास (प्रतीकात्मक)
- फोटो : pixabay
अच्छी फिटनेस आज के समय की सबसे जरूरी चीज है। इसी को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए असम की अंजली दास ने अनोखी पहल की है। अंजली, असम से लेकर लद्दाख तक की पैदल यात्रा कर रही हैं। 13 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा कुल 2796 किलोमीटर तय करने के बाद पूरी होगी। गले में पारंपरिक असमिया गमछा डालकर लंबे सफर पर निकलीं अंजली का लक्ष्य लोगों में फिजिकल फिटनेस के प्रति जागरूकता भरना है। अंजली कहती हैं, लोगों में समय के साथ शारीरिक रूप से निष्क्रियता बढ़ती जा रही है। ऐसे में शायद मेरी इस कोशिश से लोगों में नई ऊर्जा जगे और वह भी फिटनेस के प्रति ध्यान देना शुरू करें।
यात्रा शुरू करने से पहले इस बारे में अंजली ने बताया, मैं अपनी यात्रा के दौरान रोजाना 50 किमी चलने का लक्ष्य रखूंगी और यह यात्रा अकेले ही पूरी करूंगी। हैरानी की बात यह है कि उनका लक्ष्य बिना किसी डॉक्टर, सुरक्षा कर्मियों या एम्बुलेंस की मदद के अपनी यात्रा पूरी करना है। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि ऐसा करने वाली अंजलि दास असम के साथ-साथ ही पूर्वोत्तर की पहली महिला हैं। अपने लक्ष्य को लेकर दृढ़ अंजली कहती हैं, 'मैं किसी भी परिस्थिति में लद्दाख की अपनी यात्रा को नहीं रोकूंगी, चाहे बारिश हो या अन्य प्राकृतिक आपदा। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए मैं सुरक्षा के सभी उपायों का पालन कर रही हूं।''