रामलला की नित्य पूजा विशेष संहिता के मुताबिक होती है। जैसे मां कौशल्या जगाती थीं। वैसे ही रामलला को पुजारी जगाते हैं। रामलला और गुरुओं की आज्ञा लेकर ही अर्चक गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। रामलला को सबसे पहले सफेद गाय, बछड़े और गज के दर्शन कराए जाते हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
नवनिर्मित राममंदिर में विराजे बालक राम की नित्य पूजा विशेष संहिता के अनुसार होती है। रामोपासना नाम की यह संहिता पौराणिक पूजा पद्धति व ग्रंथों के अध्ययन के बाद तैयार की गई है। रामलला की दिनचर्या इन दिनों सुबह 4:30 बजे से रात 10 बजे तक की है।
विज्ञापन
रामलला को अर्चक सुबह 4:30 बजे उसी तरह जगाते हैं, जैसे माता कौशल्या जगाती थीं। रामलला और गुरुओं की आज्ञा लेकर ही अर्चक गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। इसके बाद जय-जयकार करते हैं। बालक राम का बिस्तर ठीक किया जाता है। उन्हें मंजन कराया जाता है।
राजकीय पद्धति से स्नान कराया जाता है। रामलला को वस्त्र पहनाकर मुकुट धारण कराया जाता है। वह राजकुमार हैं। इसलिए खुले सिर किसी के सामने नहीं जाते। इसके बाद उन्हें उनकी रुचि के अनुसार फल, रबड़ी, मालपुआ, मक्खन, मिश्री, मलाई आदि का भोग लगता है। रामलला को खीर बहुत पसंद है। इसके बाद मंगला आरती होती है।
विज्ञापन
फिर रामलला को सफेद गाय और बछड़े के अलावा गज के दर्शन कराए जाते हैं। गाय और बछड़े के तो साक्षात दर्शन होते हैं, लेकिन गज दर्शन के लिए ट्रस्ट ने स्वर्ण गज की व्यवस्था की है। राजकुमार अपने स्वभाव के अनुरूप रोज दान करते हैं। बालभोग और श्रृंगार आरती के बाद प्रभु दर्शन देते हैं। यह पूरी प्रक्रिया सुबह 6:30 बजे तक पूरी होती है।
Trending Videos
रोजाना संगीत सुनते हैं रामलला
रामलला को 11:30 बजे राजभोग लगता है। इसकी पद्धति भी तय है। 12 बजे राजभोग आरती होती है। पद सुनाए जाते हैं। संगीत की सेवा होती है। शाम 6:30 बजे संध्या आरती होती है। रात में 10 बजे शयन आरती होती है। शयन आरती से पहले नौ बजे भोग लगाया जाता है। प्रभु को संगीत सुनाया जाता है।
ठंड की वजह से लगाया गया ब्लोअर
प्रभु को शयन के अनुरूप ही वस्त्र पहनाए जाते हैं। ठंड की वजह से हीटर और ब्लोअर लगाया गया है। गर्मी में एसी लगाया जाता है। शयन के समय बाहर आते समय अर्चक द्वारपाल से बोलकर निकलते हैं कि भगवान को रात में कुछ जरूरत हो तो उनका ध्यान रखें। भगवान के पास पीने के लिए पानी रखा जाता है, ताकि उन्हें रात में प्यास लगे तो वे पानी पी सकें।
वर्जन
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनकी पूजा का विधान ऐसे तय किया गया है, जैसे राजा दशरथ के महल में अयोध्या के राजकुमार की पांच साल की अवस्था में सेवक सेवा कर रहे हों। रामलला राजकुमार की तरह ही जनता को दर्शन देते हैं। दान करते हैं, संगीत सुनते हैं ओर रोजाना चारों वेदों का पाठ भी सुनते हैं। भगवान राम के बारे में कहा जाता है कि वेद उनकी श्वांस हैं। - महंत मिथिलेश नंदिनी शरण, सदस्य धार्मिक समिति
पांच पुजारियों के साथ दस प्रशिक्षु अर्चक भी होंगे शामिल
अयोध्या। रामलला की पूजन पद्धति में पांच पुजारियों के साथ 10 प्रशिक्षु अर्चक भी शामिल होंगे। इस व्यवस्था को सोमवार से लागू करने का निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने बताया कि अब श्रृंगार आरती से लेकर सायं आरती तक होने वाले सभी पूजन और भोग से पहले प्रशिक्षु अर्चक मंत्राेच्चार करेंगे।
पूजन पहले की तरह ही जो पुजारी करते हैं, वहीं करेंगे। प्रशिक्षित किए जा रहे 21 अर्चकों में से दस को चुना गया है, यह भी प्रशिक्षण का एक हिस्सा होगा। ये पुजारी श्रद्धालुओं के साथ किस तरह से व्यवहार करते हैं, उनका समर्पण भाव कितना है, अब तब जो प्रशिक्षण मिला उसमें वे कितने खरे उतरे हैं, ये सब परखा जाएगा।