कनाडा के दो शहरों ने घोषित किया 'अयोध्या राम मंदिर दिवस'
ओंटारियो के ओकविले वर ब्रैम्पटन ने 22 जनवरी, 2024 को 'अयोध्या राम मंदिर दिवस' के रूप में घोषित किया है। ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन व ओकविले के मेयर रॉब बर्टन ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का उद्घाटन दुनियाभर के हिंदुओं के लिए सांस्कृतिक, धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व रखता है। यह सदियों पुराने सपने का सच होना है। दोनों मेयरों ने लोगों से इसे ऐतिहासिक बताया।
मॉरीशस के मंदिरों में गूूंजी रामायण की चौपाइयां
द्वीपीय राष्ट्र के सभी मंदिर दीयों से जगमगाएंगे। 48 प्रतिशत हिंदू आबादी वाले मॉरीशस के सभी मंदिरों में रामायण पाठ होगा। उच्चायुक्त हेमंडोयल डिलम ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि मॉरीशस के लोगों के लिए भी काफी अहम है। सरकार ने हिंदू कर्मचारियों को दो घंटे की छुट्टी भी दी है। सनातन धर्म मंदिर संगठन की तरफ से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री प्रवींद कुमार जगनौथ मुख्य अतिथि होंगे। देश के 100 स्थानों पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण होगा।
डेनमार्क में दिव्य सभा का आयोजन, भक्ति में रमे लोग
राममंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव डेनमार्क में भी मनाया गया। यहां के एचएसएस (हिन्दू स्वयंसेवक संघ) ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाने के लिए एक दिव्य सभा आयोजित की। इस मौके पर डेनमार्क की राजदूत पूजा कपूर ने राम का गुणगान किया, उनके साथ भक्त भी आध्यात्मिक माहौल में डूबे रहे। उत्सव में भाग लेने वालों को अक्षत का वितरण किया गया। एचएसएस से जुड़े लोगों ने बताया कि लंबे समय से चले आ रहे राम मंदिर विवाद के समाधान और मंदिर की स्थापना का श्रेय बीजेपी सरकार को दिया जाता है। एजेंसी
न्यूजीलैंड के मंत्रियों ने कहा-पीएम मोदी के कारण संभव हुआ मंदिर निर्माण
न्यूजीलैंड के विनियमन मंत्री डेविड सेमोर ने कहा, जय श्री राम... मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी भारतवासियों को बधाई देता हूं। यह पीएम मोदी का नेतृत्व ही था, जिसने 500 वर्षों बाद राम मंदिर निर्माण को संभव बनाया। मंदिर भव्य है और यह अगले 1,000 वर्षों तक चलेगा। मुझे राम मंदिर जाने में खुशी होगी। उन्होंने कहा, मैं पीएम मोदी के साहस व ज्ञान की सराहा करता हूं। वह भारत के एक अरब से अधिक लोगों को दुनिया की चुनौतियों से निपटने में मदद करते हैं। जातीय समुदाय मंत्री मेलिसा ली ने इंडिया के बजाय भारत का इस्तेमाल करते हुए कहा, राम मंदिर पीएम मोदी के काम व प्रयासों का नतीजा है। उन्हें दो बार प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया है। पीएम मोदी के पक्ष में जनता का समर्थन व जनादेश भारत को आगे ले जाने की उनकी इच्छा को दर्शाता है।
एफिल टॉवर भी प्राण प्रतिष्ठा के लिए तैयार, रथ यात्रा भी
राजधानी पेरिस स्थित एफिल टॉवर भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए तैयार हो चुका है। फ्रांस में पैलेस डी ला चैपेल से दोपहर 12 बजे विशाल रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसका समापन अपराह्न 3 बजे एफिल टॉवर के पास पैलेस डी ट्रोकाडेरो के पास होगा। इससे पहले 10.30 बजे ला चैपल के पास विश्व कल्याण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
मैं दीपावली मनाऊंगी: मिलबेन...
अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका व अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग न ले पाने पर अफसोस जताते हुए कहा कि वह 22 जनवरी को दीपावली मनाएंगी। उन्होंने कहा, यह वह क्षण होगा, जिसका उत्सव सभी लोग साथ मिलकर मनाएंगे। यह इस धर्म की सुंदरता है।
अयोध्या से जुड़ा थाईलैंड का अयुत्या शहर
अयोध्या। भारत से करीब 3,500 किलोमीटर दूर थाइलैंड में भी एक अयोध्या है, जिसे वहां अयुत्या कहा जाता है। दो देशों की सीमाओं में बंटे ये शहर भगवान राम में अटूट श्रद्धा व आस्था से आपस में जुड़े हैं। अयोध्या के राजा राम रहे, इसलिए अयुत्या में आज भी राजा के नाम में राम जरूरी है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए अयोध्या की तरह अयुत्या को भी सजाया जा रहा है। समृद्ध और जीवंत सांस्कृति इतिहास के लिए यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल अयुत्या बैंकॉक से 70 किमी उत्तर में मौजूद है।
बैंकॉक में विश्व हिंदू परिषद के सदस्य बताते हैं कि अयुत्या सहित थाइलैंड के तमाम हिंदू मंदिरों को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में सजाया जा रहा है। यहां कई शहरों में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
प्रधान ने ओडिशा के समलेश्वरी मंदिर में की सफाई, बांटे दीये
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले देशभर के मंदिरों को साफ करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के संबलपुर जिले के समलेश्वरी मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, आज मैंने हमारे देश के प्रमुख तीर्थ स्थल माता समलेश्वरी के दर्शन किये। देवी के समक्ष, मैंने एक दिव्य भेंट अर्पित की। मैंने शहर के विभिन्न स्थानों का भी दौरा किया। संबलपुर समेत पूरा देश सोमवार को दीपावली मनाएगा। उन्होंने कहा, 500 साल का इंतजार सोमवार को खत्म हो रहा है, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 24 घंटे से भी कम समय बचा है।
कांग्रेस का राम प्रेम छलावा, मंदिर निर्माण रोकने को लगाई वकीलों की फौज : ठाकुर
केंद्रीय सूचना प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से प्राण प्रतिष्ठा के दिन छुट्टी की घोषणा को दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राम प्रेम छलावा है। कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर को रोकने के लिए वकीलों की फौज खड़ी की थी। ठाकुर ने कहा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल राम के नाम से चाहे कितनी घृणा कर लें। अंत में श्रीराम की शरण में ही आना है। उन्होंने कहा राम देश की आत्मा हैं। राम की पूजा ही राष्ट्र पूजा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह पूरा देश राममय है, उससे सनातन विरोधी पार्टियां अब राम के विरोध की राजनीति नहीं कर पाएंगे। उन्हें न चाहते हुए भी प्रभु श्रीराम की शरण में आना ही पड़ा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार किया, लेकिन हिमाचल सरकार ने भी स्वयं को प्रभु श्रीराम से जुड़ा हुआ दिखाने के लिए 22 जनवरी को पूरे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनता को पता है, यह वही कांग्रेस है, जिसने अयोध्या में उसी जगह पर फिर से मस्जिद बनवाने का वादा किया था। राम मंदिर ना बने इसके लिए अदालत में वकीलों की फौज खड़ी की थी।
‘हनुमन’ फिल्म के मेकर्स राममंदिर के लिए देंगे 2.6 करोड़
हैदराबाद। तेजा सज्जा अभिनीत फिल्म 'हनुमन' के वितरकों में से एक मैत्री मूवी मेकर्स ने रविवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भूमि पूजन से एक दिन पहले राम मंदिर को 2.6 करोड़ रुपये से अधिक राशि दान करेंगे। कंपनी ने कहा कि फिल्म की टीम ने 'हनुमन' फिल्म के हर टिकट के लिए पांच रुपये देने का वचन दिया था। तेलुगु भाषा की इस फिल्म ने अब तक दान की राशि के रूप में 53,28,211 टिकट बेचे हैं। मैत्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। तेजा सज्जा ने कहा, अयोध्या राम मंदिर में 2,66,41,055 रुपये का दान देने के महान कारण में शामिल हुए 53,28,211 लोगों को धन्यवाद। आपके टिकट में से 5 रुपये अयोध्या राम मंदिर के लिए जाएंगे।
राम का स्मरण कर होता है नवजात का नामकरण
कोलकाता (शंकर जालान)। हमारे कुलदेवता की अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। यह जीवन का सबसे आनंददायक क्षण है। यह कहना है पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा स्थित रामपाड़ा गांव के लोगों का। इस गांव के लोग भगवान राम को अपना कुलदेवता मानते हैं। यहां ढाई सौ साल पुराना राममंदिर है। गांव में नवजात का नामकरण भी प्रभु राम का स्मरण कर किया जाता है। हर किसी के नाम के साथ राम जरूर लगाया जाता है।
खास बात यह कि नामों को दोहराया नहीं जाता है। यानी जो नाम रखा जा चुका है, वह दोबारा नहीं रखा जाएगा। स्थानीय लोगों का दावा है कि गांव के मुखोपाध्याय परिवार के पूर्वज को भगवान राम सपने में दिखे थे। उसके बाद उन्होंने उनको कुलदेवता मान लिया था। गांव में मंदिर बनाया गया था। उसके बाद से ही गांव में बने राममंदिर में शालीग्राम शिला को भगवान राम के रूप पूजा जाता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यहां रामकनाई, रामकांत, रामदुलाल, रामकृष्ण इस नाम के लोग हैं।
बुनकर की भक्ति...साड़ी पर उकेर दी पूरी रामायण
नदिया जिले के राणाघाट के हबीबपुर में बुनकर हैं पिकुल राय। वह भगवान राम की भक्ति में इतने लीन हो गए कि उन्होंने एक वर्ष की अथक मेहनत के बाद साड़ी पर पूरी रामायण उकेर दी। लोगों को जब जानकारी मिली कि पिकुल ने साड़ी पर रामायण उकेरी है तो वे इसको खरदीने चले गए, लेकिन उन्होंने बेचने से इन्कार कर दिया। हथकरघा उद्योग से जुड़े पिकुलराय ने साड़ी पर राम और सीता के साथ वनवास की कहानी दर्शाई है। पिकुल का कहना है कि वह अपने हाथों से बुनी हुई साढ़ी को अयोध्या जाकर प्रभु के चरणों में समर्पित करेंगे। वह अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। बड़े भाई अनंत ने कहा कि पिकुल की भक्ति से हमारा पूरा परिवार प्रसन्न है।