बीकानेर के कोलायत के मढ से मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां एक युवक को कुछ लड़कों ने नंगा करके बेरहमी से पीटा। वहीं आरोपियों ने पिटाई का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बेरहमी से पिटाई के कारण युवक मानसिक रूप से तनाव में चला गया। वहीं नया शहर पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित युवक ने नयाशहर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवक ने बताया कि वो 23 अगस्त को मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में किराए के मकान पर था। इस दौरान आरोपी सद्दाम और रामलाल उसके घर आए और उसे जबरन शराब पिलाई। उस दौरान आरोपियों ने उसे कार में बिठाया और अगवा करके मढ गांव के क्रिकेट ग्राउंड ले गए, जहां आरोपियों ने उसे बहुत बेरहमी से मारा पीटा।
इतना ही नहीं आरोपियों ने रिवॉल्वर दिखाकर कपड़े उतारने को कहा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसका वीडियो भी बनाया। इस दौरान दो अन्य आरोपी श्यामदास और राहुल ने युवक की जेब में रखे पांच हजार रूपए भी निकाल लिए ।
वीडियो सामने आने के बाद कुम्हार समाज ने आक्रोश जताया है। बीपीएचओ के संयोजक अशोक प्रजापत और जिलाध्यक्ष त्रिलोक ने कहा दबाव के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में लीपापोती ना हो और पीड़ित के साथ न्याय हो नहीं तो आने वाले दिनों में समाज सड़कों पर उतरेगा।