राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक युवक ने अपना नाम बदलकर फेक आईडी बनाई और फिर एक कॉलेज छात्रा से दोस्ती कर दी। कुछ दिन बाद वह उसे अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी युवक ने और कितनी युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। आरोपी युवक का नाम शाहिद है, उसने मनीष सेन नाम से सोशल मीडिया पर फेक आईडी बना रखी थी। जिसका इस्तेमाल वह लड़कियों से बात करने के लिए करता था।
कॉलेज छात्रा ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। उसने पुलिस के बताया कि मनीष नाम का युवक ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी कहना है कि उसने उसके अश्लील फोटो ले लिए हैं, अगर वह उसके कमरे पर नहीं आई तो उन्हें वायरल कर देगा।
वह उससे मिलने गई तो वह उसे जबरन अपने कमरे में ले गया था। इस दौरान उसे पता चला कि उसका नाम मनीष नहीं शाहिद खान है। इसके बाद युवती घरा पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। छात्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने भीलवाड़ा के पंचवटी स्थित मकान में मनीष नाम से किराए पर कमरा लेकर रखा था। यहीं वह छात्रा को लेकर पहुंचा था। इस दौरान उसका मकान मालिक आया और उसने आरोपी से पहचान पत्र देने के लिए कहा, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। इसी दौरान छात्रा को उसके असली नाम का पता चला। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक मोबाइल नेटवर्क कंपनी में मैनेजर है। शिकायत के बाद पुलिस ने उक्त कंपनी से उसके बारे में जानकारी ली तो उसका नाम शाहिद खान निकला है।