थाने में दी अपनी रिपोर्ट में महिला ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी वीर सिंह को वह 2010 से जानती है। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाते हुए वीर सिंह ने उसे प्यार के जाल में फंसाया और फिर शादी करने का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने लगा। इस दौरान वह उससे पैसे भी लेने लगा।
महिला ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा थी, ऐसे में आरोपी वीर ने उसका उसके पति से तलाक करा दिया। पति से तलाक के बाद महिला ने वीर के साथ शादी करने की जिद की तो 6 जुलाई 2022 को आर्य समाज मंदिर में जाकर उसने शादी कर ली। कुछ दिन सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में वीर उसके साथ मारपीट करने लगा। कुछ दिन बाद मारपीट कर आरोपी वीर ने उसे घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वीर शादी से पहले ही उसके बैंक की पासबुक और एटीएम सहित अन्य जरूरी चीजें अपने पास रखता था। आए दिन बैंक और एटीएम से वह पैसे निकाल लेता था। 2010 से संपर्क में आने के बाद अब तक वह 45 लाख रुपये हड़प चुका है। शादी के बाद मारपीट कर पीड़िता को घर से बाहर निकालने के बाद 28 जुलाई को आरोपी वीर ने कॉल कर पीड़िता को घर बुलाया।
पीड़िता घर पहुंची तो आरोपी वीर सिंह उसकी पत्नी मौसम देवी, सतवीर सिंह, भंवर सिंह, मनसुख सिंह, ब्रह्मसिंह ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसी दिन दोपहर को महिला केस दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची। पुलिसकर्मियों ने रात 9 बजे तक महिला को थाने में बिठाए रखा और केस दर्ज नहीं कर समझौते का दवाब बनाया। आरोपी है कि मारपीट से घायल महिला को पुलिसकर्मी न तो अस्पातल ले गए और न ही उसका मेडिकल करवाया।
रिपोर्ट की भनक लगते ही आरोपी भी थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने महिला के साथ गाली-गलौज की। इस दौरान थाने में मौजूद हैड कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल ने भी आरोपियो का साथ दिया। आरोपियों और पुलिसकर्मियों ने महिला पर समझौता करने का दबाव बनाया, लेकिन महिला नहीं मानी।
बीती 12 अक्टूबर को आरोपी वीर सिंह अपनी पत्नी मौसम देवी के साथ पीड़िता के घर पहुंचा। जहां मारपीट कर उसे ट्रांसफर कराने की धमकी दी। साथ ही ऐसा नहीं करने पर अश्लील फोटो और वीडियो भी वायरल करने की धमकी दे डाली। जिसके बाद पीड़िता ने अपनी शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से की। अब इस मामले की जांचं डीएसपी आसींद लक्ष्मणराम को सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी वीर सिंह एक दबंग छवि का व्यक्ति है। वह पिछले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी रह चुका है। महिला का आरोप है कि इसी वजह से पुलिसकर्मी उसका साथ दे रहे हैं। उसकी रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि, पुलिस अब मामले की जांच करन की बात कह रही है।