राजस्थान की राजधानी जयपुर में अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को स्लो पॉइजन दिया। जिससे उसकी मौत हुई है। मृतक की पत्नी से मिलने आए प्रेमी को परिजनों ने पकड़ा तो उन्हें अपनी पत्नी पर शक हुआ। मृतक के पिता की शिकायत पुलिस ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चित्रकूट नगर थाना पुलिस के अनुसार मामला शहर के वैशाली नगर का है। 63 साल के बुजुर्ग ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ साल पहले उसके बेटे की शादी शास्त्री नगर में रहने वाली एक युवती से हुई थी। शादी के बाद से उनकी बहू 6-6 महीने तक अपने पीहर में रहती थी। उनके बेटे ने कई बार अपनी पत्नी के समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह ससुराल आने के लिए तैयार नहीं हुई।
पत्नी कहती थी मुझे तलाक दे दो
मृतक बेटे के पिता ने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी उससे कहती थी कि मैं तेज सिंह से प्यार करती हूं। तुम मुझे तलाक दे दो नहीं तो हम तुम्हें जान से मार देंगे। मान-सम्मान के कारण उन्होंने बेटे को चुप करा दिया। परिजनों ने बहू को समझाया तो वह भी मान गई। उसने कहा कि अब वह ये सब दोबारा नहीं करेगी। पिता ने बताया कि घर आने के बाद भी उसकी बहू आए दिन झगड़ा करती रहती थी। इस कारण करीब पांच-छह साल पहले वह परिवार से अलग रहने लगे। फरवरी 2022 में उनके बेटे की अचानक मौत हो गई।
घर मिलने आता है प्रेमी
मृतक के पिता का आरोप है कि बेटे की मौत के कुछ महीने बाद उन्हें पता चला कि उनकी पोती के स्कूल जाने के बाद एक व्यक्ति बहू से मिलने के घर आता है। जब तक उनकी पोती स्कूल में रहती है वह व्यक्ति वहां रुकता है और उसके आने से पहले वहां से चला जाता है।
परिजनों ने प्रेमी को पकड़ा
यह पता चलने के बाद परिजनों ने बहू की निगरानी करना शुरू किया। उन्होंने 3 दिसंबर को बहू से मिलने आए उसके प्रेमी तेज सिंह को पकड़ लिया। उसके भागने का प्रयास किया, लेकिन उसके पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। अब मृतक के पिता ने बहू और उसके प्रेमी पर स्लो पॉइजन देकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।