मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी इलाके से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान में तेजी से उछाल आया है। तापमान में यह उछला अभी जारी रहेगा। अगले एक दो दिन में बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर और पाली जिले में गर्म हवा चलने की भी संभावना है। विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार राजस्थान में 20 मार्च तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है। विभाग ने भीषण गर्मी और लू की चेतावनी भी जारी कर दी है। इस दौरान पश्चिमी प्रदेश के इलाकों में तापमान अधिक बढ़ेगा।
मार्च महीने में गर्मी की बात करें तो प्रदेश में इस सीजन जैसी गर्मी 12 साल बाद पड़ रही हैं। बीते दिन मंगलवार से पहले प्रदेश में तापमान कभी भी 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था। गर्मी ने इस बार यह रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे आशंका है कि इस बार प्रदेश रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ेगी। 15 मार्च मंगलवार को बीकानेर, बाड़मेर, जालौर, जैसलमेर, जोधपुर में गर्मी बढ़ गई है। इस दौरान बाड़मेर में पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 12 साल में बाड़मेर समेत किसी भी पश्चिमी राज्य के शहर में अधिकतम तापमान 15 मार्च से पहले 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था।