राजस्थान की सीएम और बीजेपी की नेता वसुंधरा राजे के एक बयान ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। राजे ने कहा है कि,"सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि मोदी के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। ये तो चुनाव के बाद पता चलेगा कि किसके टुकड़े होंगे।
आपको बता दें कि यूपी के सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद ने मोदी पर एक आपत्तिजनक बयान दिया था जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि इस मामले में उनको जमानत मिल चुकी है।
वसुंधरा के बयान पर इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा मुझे मोहरा बनाकर ध्रुवीकरण की राजनीति करना चाह रही है। मैंने पहले ही सीडी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। वह पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। राजस्थान की मुख्यमंत्री से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं थी। जीना-मरना तो ऊपर वाले के हाथ में है।
क्या कहा था मसूद ने?
इमरान मसूद का एक वीडियो सामने आया था जो सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हुआ था। इस वीडियो में वो मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में वो मोदी को मारने की बात करते दिख रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस को सफाई देनी भारी पड़ गई थी।
चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था और 30 मार्च को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था लेकिन बाद में कोर्ट ने उनको जमानत दे दी थी।
क्या कहा गया सफाई में
इमरान मसूद के पक्ष में सबसे पहले सफाई दी उनकी पत्नी ने। उन्होंने कहा कि उनके शौहर को फंसाया गया है। इसके बाद कांग्रेस की ओर से सफाई देने वालों की लाइन लग गई।
राहुल गांधी ने तो उनके पक्ष में रैली भी की जिसमें इमरान की पत्नी खुद मौजूद रहीं। इससे पहले राहुल की सहारनपुर रैली के रद्द होने की खबरे आ रही थीं लेकिन कांग्रेस ने स्टैंड लेते हुए इमरान को सपोर्ट किया।
इमरान की सफाई में कहा गया कि वीडियो पुराना है और इसमें जो शख्स दिख रहे हैं उनमें से एक की तो मौत भी हो चुकी है।
बीजेपी के तेवर गर्म
राजे के बयान के बाद साफ है कि इस मामले पर बीजेपी के तेवर अभी ढीले नहीं हुए हैं। कोर्ट ने बेशक मसूद को जमानत दे दी है लेकिन बीजेपी माफी देने के मूड में नहीं है।
देखना ये होगा कि चुनाव आयोग राजे के बयान पर कोई एक्शन लेता है? क्या बीजेपी इस बयान पर कोई सफाई देगी?
सवाल ये भी है कि क्या है केवल प्रतिक्रिया है या फिर वोटो के ध्रुवीकरण की कोशिश?