डिप्टी सीएम दिया कुमारी और यूएनजीए अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस।
- फोटो : अमर उजाला
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस मंगलवार को अपनी 5 दिवसीय भारत यात्रा के तहत जयपुर पहुंचे। इस दौरान उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसे लेकर डेनिस फ्रांसिस ने एक्स कर लिखा- खम्मा घणी राजस्थान, जोरदार स्वागत के लिए धन्यवाद।
जयपुर दौरे के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस से राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने मुलाकात की। इस अवसर पर सयुंक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि व भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी रुचिरा कंबोज और सयुंक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर शोबी शार्प भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर चर्चा के दौरान डेनिस फ्रांसिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति की प्रशंसा की। उन्होंने भारत की अध्यक्षता में जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन, कोरोना महामारी के दौरान भारत की ओर से कई देशों को मदद पहुंचाने और दुनिया भर में चल रही लड़ाईयों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए भी पीएम मोदी की नीति को सराहा।
दिया कुमारी ने कहा- पीएम मोदी ने ग्लोबल साउथ के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से पूरा विश्व प्रभावित है। पीएम मोदी ने जी-20 सम्मेलन में भी वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ एक विश्व, एक परिवार, एक भविष्य का नारा दिया और अंतर्राष्ट्रीय सोलर अलांयस के माध्यम से दुनिया भर को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस से धरोहर संरक्षण के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की।