उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के सुरों का फला इलाके में एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि धर्मी मीणा और उसके जानकार प्रवीण ने मकान पर कब्जा करने के इरादे से उनके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की।
महिला ने थाने और एसपी योगेश गोयल को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के पास दो बच्चों के साथ रहती है। धर्मी मीणा और प्रवीण कई दिनों से मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। बीती रात दोनों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। प्रवीण ने महिला की मां को धक्का दिया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। जब महिला बीच-बचाव के लिए आई, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई और घर छोड़ने की धमकी दी गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Weather Update: आंधी-बारिश से पारा 10 डिग्री तक लुढ़का, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर आएगी तेजी
इस दौरान लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर पड़ोसी मदद को पहुंचे और किसी तरह पीड़िता को बचाया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने जब पुलिस में शिकायत की, तो प्रवीण को हिरासत में लिया गया लेकिन थोड़ी देर बाद छोड़ दिया गया। अगले ही दिन प्रवीण ने फिर आकर धमकी दी और गाली-गलौच की।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला को धमकाते नजर आ रहे हैं। फिलहाल गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।