मेवाड़ की धरती इस बार राष्ट्रीयता, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की मेजबानी के लिए तैयार है। राज्य सरकार ने उदयपुर को यह गरिमामयी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण की संभावना है। इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य और गरिमामयी बनाने के लिए विभिन्न विभागों को कार्यों का जिम्मा सौंपा गया है।
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर विभिन्न विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित करने के लिए सभी विभाग समयबद्धता और निष्ठा से कार्य करें। इस वीसी में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी राजेश मीणा, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल सहित प्रदेश और जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीसी के बाद जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि उदयपुर को हमेशा बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी मिली है और हर बार टीम उदयपुर ने इसे सफलतापूर्वक निभाया है। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्या, परेड निरीक्षण, मुख्य समारोह और "एट होम" कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। मुख्य समारोह में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और "एट होम" जैसे कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार, प्रशासन ने समयबद्धता से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में यूडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी वारसिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारी राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं।