उदयपुर के गोगुन्दा क्षेत्र में खेत पर काम कर रही लड़की पर पैंथर ने अचानक से हमला बोल दिया। हमले के दौरान किशोरी की मां उसके साथ थी, मां के चिल्लाने के बाद पैंथर वहां से भाग छूटा। घटना गोगुंदा पंचायत समिति मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर भूताला पंचायत के गांव पाचावतो की भागल की है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव में रहने वाली घीसीबाई और उसकी बेटी अनिता कुंवर खेत में घास काट रही थी। इस दौरान अचानक आए पैंथर ने अनिता पर झपट्टा मार दिया। ये देखकर मां चीखने लगी। चिल्लाने की आवाज सुनकर पैंथर युवती को छोड़कर भाग गया। चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। युवती के पिता उसे बाइक पर गोगुंदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां से उसे उदयपुर जिला हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पैंथर के मूवमेंट को देखते हुए पिंजरा लगाकर जल्द से जल्द पैंथर को पकड़ने की मांग की है ताकि वह किसी और पर हमला न करे।
गौरतलब है कि गोगुंदा क्षेत्र में करीब ढाई महीने पूर्व भी आदमखोर पैंथर सक्रिय हुआ था, जिसने करीब नौ लोगों को अपना शिकार बनाया था। उस समय वन विभाग के साथ ही आर्मी और कई रेस्क्यू टीमें पैंथर को पकड़ने में लगी थीं और आदमखोर पैंथर को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए थे। बाद में पैंथर को मार दिया था लेकिन यह दावे से नहीं कहा गया था कि यह वही आदमखोर पैंथर था। ऐसे में अब फिर से पैंथर के हमले ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है।