शहर के सेक्टर पांच स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल की वैन आज दिन में छुट्टी होने बच्चों को गाड़ी में बैठाकर घर छोड़ने जा रही थी कि रास्ते में चालक की लापरवाही के कारण वैन का फाटक खुल गया और तीन बच्चे नीचे गिर गए। हादसे में घायल हुए बच्चों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्कूल वैन से बच्चों के गिरते ही मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसे देखकर ड्राइवर घबरा गया और इधर-उधर हो गया। बाद में वह स्कूल पहुंच गया, जहां पर अभिभावक पहले से मौजूद थे। अभिभावकों ने घटना को लेकर जमकर हंगामा किया और स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।
अभिभावकों का कहना था कि स्कूल प्रबंधन को चाहिए कि वह बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। बहरहाल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है और अभिभावकों ने वाहन चालक को हिरन मगरी पुलिस को सौंप दिया है।