Udaipur: शक्ति सिंह पर हमले की खबर फैलते ही हिन्दू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोधस्वरूप बाजार बंद करवा दिया। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ युवकों को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उदयपुर के नेहरू बाजार में दो समुदायों के युवकों के बीच हुई चाकूबाजी की घटना से माहौल गरमा गया। इस घटना में हिन्दू जागरण मंच के शक्ति सिंह और दूसरे पक्ष के साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद बाजार बंद करवा दिया गया और मौके पर चार थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत दो वाहनों की टक्कर से हुई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में जब वह इलाज के बाद लौटा तो वहां मौजूद चार-पांच युवकों से उसका विवाद हो गया और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इस झड़प में दोनों पक्षों के युवक अलग-अलग समुदाय से थे। इसी दौरान हिन्दू जागरण मंच के शक्ति सिंह पर हमला हुआ और दूसरे पक्ष के साहिल को भी गंभीर चोटें आईं।
शक्ति सिंह पर हमले की खबर फैलते ही हिन्दू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोधस्वरूप बाजार बंद करवा दिया। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ युवकों को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष का कहना है कि दो वाहनों की टक्कर के बाद विवाद बढ़ा था, लेकिन आपसी समझाइश से मामला सुलझ गया था। मोहम्मद हुसैन के अनुसार, उनका बेटा साहिल स्कूटी ठीक कराने गया था, तभी पहले पक्ष के युवक अपने साथियों के साथ आए और उस पर चाकू से हमला कर दिया। साहिल और उसके साथी को गंभीर चोटें आई हैं, और दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।