फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uadipur: शाह बोले- मेवाड़ वालों ये आपका भला नहीं करेंगे, सोनिया से गहलोत तक सब अपने बेटों के लिए काम कर रहे

Fri, 30 Jun 2023 04:01 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

सार

उदयपुर जनसभा में विपक्षी दलों निशाना साधते हुए शाह बोले- ये गहलोत जी खाम खां इस आयु में इधर-उधर घूम रहे हैं। इस सभा का कोई उन्हें वीडियो दे दे तो गहलोत जी को पता चल जाएगा कि उनकी सरकार के जाने का समय हो गया है।
विज्ञापन
उदयपुर में सभा करने पहुंंचे अमित शाह। - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उदयपुर में जनसभा में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी, लालू प्रसाद यादव, ममता बनर्जी, स्टालिन, अशोक गहलोत सभी अपने बेटों के लिए काम कर रहे हैं। सोनिया बेटे राहुल को पीएम बनाना चाहती हैं, गहलोत बेटे वैभव को सीएम बनाना चाहते हैं, मोदी जी को पीएम बनाना चाहते हो या राहुल बाबा को? मोदी को बनाना चाहते हो, तो गहलोत सरकार को मूल समेत उखाड़ फेंको, 2023 में ट्रेलर दिखा दो।

विज्ञापन


केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि मेवाड़ वालों की आवाज को क्या हो गया। 2023 में बीजेपी सरकार बनानी है ना, 2024 में पीएम मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना है तो दोनों मुट्ठी भींचकर बोलिए- भारत माता की जय, भारत माता की जय, भारत माता की जय। मोदी-मोदी के नारे लगे। अमित शाह ने फिर वंदे मातरम के नारे लगवाए।

पटना में 21 विपक्षी पार्टी के घपले-घोटाले, भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा हुए
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी सारे विपक्षी नेता पटना में इकट्ठा हुए। बड़े मंच पर प्रेस कांफ्रेंस की। मैंने भी प्रेस कांफ्रेंस देखी। मैं भी बहुत साल से राजनीति में हूं। मैंने सोचा ये कौन लोग हैं। ये 21 पार्टी के लोग थे और 21 लाख के घपले घोटाले भ्रष्टाचार करने वाले वहां इकट्ठा हुए। जनता को हिसाब नहीं देना है। मैं इस मंच से चैलेंज देता हूं नरेंद्र मोदी सरकार पर हमारे विरोधी भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाए हैं, लेकिन 21 पार्टियां 21 लाख का भ्रष्टाचार करने वाली इकट्ठा होकर राहुल बाबा को फिर से प्रधानमंत्री बनाने पर जुटी हैं। राहुल बाबा पीएम बनते हैं तो घपले घोटाले भ्रष्टाचार भारत की नियति बन जाएगी और पीएम मोदी फिर से पीएम बनते हैं तो भ्रष्टाचार करने वाले जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।
विज्ञापन


सोनिया बेटे राहुल को पीएम बनाना चाहती, गहलोत बेटे वैभव को सीएम
अमित शाह ने जनता से पूछा- मुझे बताओ राहुल बाबा को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए या मोदी जी को, किसे पीएम बनाना चाहिए- आवाज आई मोदी-मोदी। इन पार्टियों के मन में मेवाड़ वालों आपका भला नहीं है। इनके मन में अपने बेटे का भविष्य है। मैं नाम से कहता हूं सोनिया जी के पूरे जीवन का लक्ष्य है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना, लालू जी का लक्ष्य है अपने बेटे तेजस्वी को प्रधानमंत्री बनाना, ममता जी का लक्ष्य अपने भतीजे अभिषेक को मुख्यमंत्री बनाना, स्टालिन का इंट्रेस्ट है अपने बेटे उदयनंद जी को मुख्यमंत्री बनाना और गहलोत जी का इंट्रेस्ट है, वैभव गहलोत को मुख्यमंत्री बनाना। मुझे बताओ ये आपका भला कर सकते हैं क्या। जो अपने बेटे के लिए काम कर रहे हैं इनको वोट देना है या जो देश के लिए काम कर रहे हैं उनको वोट देना है ये तय करने का समय देश की जनता के लिए आ रहा है।

भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बलात्कार में देशभर में नंबर एक पर राजस्थान
अमित शाह ने कहा- गहलोत सरकार में पिछले 3-4 साल में लगातार देशभर में भ्रष्टाचार के सर्वेक्षण में भ्रष्टाचार करने में देशभर में नंबर एक पर है। बेरोजगारी और बलात्कार में भी राजस्थान देश में नंबर-1 पर है। खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का भ्रष्टाचार किया। बात वहां तक पहुंच गई कि एक संत को अपना आत्म विलोपन करना पड़ा फिर भी भरतपुर में अवैध खनन फिर से चालू हो गया है। उदयसागर झील के नाम पर 2000 करोड़ का भ्रष्टाचार, प्रतापगढ़ में 1000 करोड़ के लाइमस्टोन खान का भ्रष्टाचार, सचिवालय में अफसरों की अलमारी से 2 करोड़ रुपया और एक किलो सोना मिलता है। गहलोत जी ज़रा बताइए सोना किसका है। भई हिसाब मांगना चाहिए कि नहीं चाहिए। आपके पास मौका है अब हिसाब मांगने का कि ये दो करोड़ रुपया और एक किलो सोना किसका है उसका हिसाब दीजिए। कालीसिंध बांध के नाम पर करोड़ों का घपला, गरीबों के राशन में 100 करोड़ रुपये खा गए, वृद्धावस्था पेंशन में साढ़े 400 करोड़ रुपये खा गए। शर्म करो गरीब बच्चों का अनाज और बुड्ढों के पैसे खाकर कोई सुखी नहीं होता है गहलोत जी। आपकी ये सरकार भ्रष्टाचार की सरकार है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का काम किया है।

गहलोत ने सारे वादे तोड़ दिए, न किसान कर्जमाफी, न बेरोजगारी भत्ता
शाह बोले अशोक गहलोत ने जो भी वादे किए थे, सारे वादे तोड़ दिए। 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ करना था, युवाओं को बेकारी भत्ता मिला है। उलटा 19 हजार किसानों की भूमि कुर्क करने का काम इस सरकार ने किया है। 19 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। बेरोजगारी और बलात्कार में राजस्थान देशभर में नंबर एक पर है। उनके ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे परीक्षा में टॉप कर जाते हैं और जनता बेचारी रह जाती है।



जयपुर बम ब्लास्ट के दहशतगर्द-आतंकवादी आज निर्दोष छूट गए हैं और इनको शर्म नहीं आती
अमित शाह ने कहा कि इस प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमराई हुई है। शाह ने कहा- 2008 में जयपुर में बम ब्लास्ट हुआ था। मैं गुजरात में गृहमंत्री था और राजस्थान में वसुंधरा जी यहां मुख्यमंत्री थीं। सबको पकड़ा, लेकिन इनके एडवोकेट जनरल को पैरवी करने की फुरसत ही नहीं है। सारे के सारे लोग छूट गए। 50 लोगों को मारने वाले दहशतगर्द-आतंकवादी आज निर्दोष छूट गए हैं और इनको शर्म नहीं आती है।

कन्हैयालाल को सुरक्षा किसने नहीं दी, आप पकड़ना नहीं चाहते थे, एनआईए ने पकड़ा
अमित शाह ने चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कन्हैयालाल टेलर के हत्याकांड पर कहा कि सीएम गहलोत मुझे कहते हैं कन्हैयालाल केस में क्या किया? आपको पहले शर्म आनी चाहिए। कन्हैयालाल को सुरक्षा किसने नहीं दी, उन्होंने जनता से कहा कि जोर से बोलो किसने सुरक्षा नहीं दी, मर गया तब तक किसकी पुलिस चुप रही? आप तो पकड़ना भी नहीं चाहते थे, एनआईए ने पकड़ा।

झूठ मत बोलो गहलोत जी, मैं डंके की चोट पर कहता हूं 22 दिसंबर 2022 को चार्जशीट हो चुकी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- झूठ मत बोलो गहलोत जी चार्जशीट नहीं हुई है। मैं डंके की चोट पर कहता हूं 22 दिसंबर 2022 को चार्जशीट हो चुकी है। स्पेशल कोर्ट बनाने का काम आपका है, जिससे जल्द सजा दी जाए। राजस्थान सरकार हाईकोर्ट को भरोसे में लेकर स्पेशल कोर्ट नहीं बनाती है। नहीं तो आज तक कन्हैयालाल की हत्या के दोषियों को फांसी के फंदे पर लटका चुके होते। इनको शर्म आनी चाहिए। ये वोट बैंक की राजनीति करते हैं। मोदी जी ने पीएफआई पर बैन लगाया। लेकिन गहलोत जी के राज में कोटा में पीएफआई की रैली निकलती है। चित्तौड़गढ़ में रतन सोनी की हत्या होती है। करौली में हिन्दू त्योहार बंद कर दिए जाते हैं। संघ का पथ संचलन बंद कर दिया गया है। 300 साल पुराना मंदिर अलवर में ढहा दिया गया और भगवा ध्वज उतारने की हिमाकत ये गहलोत सरकार करती है। मैं आज पूछना चाहता हूं कि आजादी के इतने सालों के बाद भी वोट बैंक के लालच में संविधान को साइड पर रखकर जिस प्रकार बहुमत समाज के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहे हैं। मैं आपको कहने आया हूं कि वोट बैंक की राजनीति करने वाले यही करते हैं। बीजेपी वोट बैंक की राजनीति नहीं करती है। मोदी जी के शासन में और जब वसुंधरा जी थीं तब भी यहां आतंकवाद पर लगाम कसने का काम बीजेपी किया है।

थ्री डी से घिरी हुई है गहलोत सरकार
अमित शाह ने कहा कि ये तीन ‘डी’से घिरी हुई सरकार है। पहला डी-दंगा, दूसरा डी-महिलाओं से दुर्व्यवहार और तीसरा डी-दलितों पर अत्याचार, इन तीन डी से घिरी हुई गहलोत सरकार को हमको उखाड़ फेंकना है। ये दंगा राज यहां पर हो चुका है। मैं यही कहने आया हूं आपके पास दो मौके हैं। एक आपको 2024 में केंद्र सरकार भी चुननी है और राज्य सरकार भी चुननी है, लेकिन एक ही वोट देने से दो काम होते हैं तो राजस्थान वालों करना चाहिए कि नहीं करना चाहिए। 2023 में ट्रेलर है। 2023 के ट्रेलर में अशोक गहलोत सरकार को मूल के साथ एक बार उखाड़कर फेंक दीजिए, तो 2024 के अंदर अपने आप रास्ता प्रशस्त हो जाएगा और मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। फिर से 25 सीट राजस्थान से मोदी जी की झोली में डालेंगे। भ्रष्ट नकारा गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेंगे, पूर्ण बहुमत वाली बीजेपी सरकार बनाएंगे, कमल के निशान पर वोट डालेंगे, तो मेरे साथ दोनों हाथ उठाकर बोलिए- भारत माता की जय, भारत माता की जय, वंदे मातरम, वंदे मातरम।

मेरे जिगर के टुकड़े जैसे युवा मित्रों....
इससे पहले अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा- बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, राजस्थान की मुख्यमंत्री जिन्होंने नई राह बनाने का काम किया है वसुंधरा राजे, मोदी मंत्री परिषद में मेरे साथी गजेंद्र सिंह जी, प्रभारी अरुण सिंह जी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता सतीश पूनियां, विजया राहटकर, अरुण चतुर्वेदी, अर्जुन मीणा, सांसद कनकमल कटारा, दीया कुमारी, संगठन मंत्री चंद्रशेखर जी और भक्ति और शक्ति की वीर भूमि पर आए हुए मातओं-बहनों और मेरे जिगर के टुकड़े जैसे युवा मित्रों।

ये गहलोत जी खाम खा इस आयु में इधर-उधर घूम रहे
शाह बोले- ये गहलोत जी खाम खां इस आयु में इधर-उधर घूम रहे हैं। इस सभा का कोई उन्हें वीडियो दे दे तो गहलोत जी को पता चल जाएगा कि उनकी सरकार के जाने का समय हो गया है। किसान के खेत में रहने का समय है। मेघराज का आगमन हो गया है। किसान को छोटे-छोटे कामों के लिए खेत पर रहने का समय है। ये नजारा बताता है कि 2023-24 में पूर्ण बहुत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। मैं सबसे पहले भगवान एकलिंगनाथ जी को प्रणाम करना चाहता हूं। ठाकुरजी को नाथद्वारा में भी प्रणाम करता हूं। जगदीश जी, करणी माता और मां जगदम्बा को भी प्रणाम करता हूं। हिन्दुओं के सूर्य और स्वदेश भाषा धर्म के लिए जिन्होंने जंगलों में रहना पसंद किया, लेकिन मुगलों के आगे सिर नहीं झुकाया उन महाराणा प्रताप को प्रणाम करना चाहता हूं। शाह बोले- मंच पर मुझे राणा पूंजा की मूर्ति दी गई। उन्हें भी मैं प्रणाम करना चाहता हूं। ये त्याग की भूमि है। बीजेपी का गढ़ है। इस भूमि से ही बीजेपी की विजय पताका होती है। गहलोत जी कान खोलकर सुन लेना कि 2023 में राजस्थान बीजेपी विजय के सारे रिकॉर्ड तोड़कर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने वाली है। धन्यवाद यात्राओं के तहत मैं आज मेवाड़ की धरती पर आया हूं। ये मेरा 15वां राज्य है। मैं देशभर में घूम कर आया। मोदी जी के लिए जो समर्थन मिला, उससे स्पष्ट है कि 2024 में 300 सीटों के साथ नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

राजस्थान में 80 लाख किसानों को 16 हजार करोड़ रुपये बैंक में ट्रांसफर
अमित शाह ने कहा-मोदी जी के शासन के 9 साल कई मायनों में भारत में परिवर्तनकारी रहे हैं। ये गरीब कल्याण के 9 साल रहे हैं। मोदी जी ने संसद की भूमि को 2014 में माथे पर लगाकर कहा था ये गरीब, आदिवासी, पिछड़ों की सरकार है। 9 साल में इसके लिए ढेर सारे काम किए। उन्होंने देश के करोड़ों किसानों को पहली बार 6 हजार रुपया प्रति साल मिला है। राजस्थान में 80 लाख किसानों को अब तक 16 हजार करोड़ रुपए सीधा बैंक में ट्रांसफर करने का काम हमारी मोदी सरकार ने किया है। जल जीवन मिशन के तहत हर गरीब के घर में नल से जल पहुंचाने का काम मोदी जी ने किया है। राजस्थान में 43 लाख लोगों को अपने घर में शुद्ध पानी पहुंचाया, 86 लाख शौचालय बनाए, 1.2 करोड़ कार्डों से 4.3 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज देने का काम बीजेपी सरकार कर रही है। 5.75 लाख उज्जवला कनेक्शन दिए गए। 84 हजार कनेक्शन ट्राइबल आदिवासी भाईयों को देने का काम बीजेपी सरकार ने किया। 18 लाख लोगों को खुद का घर देने का काम बीजेपी सरकार ने किया है। मैं पास के गुजरात से ही आता हूं। यहां बहुत बड़ा जनजाति आदिवासी समुदाय है। मेवाड़ के राणाओं ने जो लड़ाई लड़ी उसके साथ मेरे आदिवासी भील भाईयों ने मुगलों के सामने लड़ने का काम किया है। स्वतंत्रता संग्राम में ढेर सारे गौरवशाली प्रकरण मेरे आदिवासी भाईयों के नाम पर लिखे गए। मोदीजी ने बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। आदिवासी गरीब घर की महिला को द्रौपदी मुर्मू से महामहिम द्रौपदी बनाने का काम कर देश को गौरव दिलाया है।

हमने 500 से ज्यादा एकलव्य विद्यालय बनाए
शाह बोले- गहलोत जी सुन लेना 10 साल सोनिया मनमोहन की सरकार रही, लेकिन हमने 500 से ज्यादा एकलव्य विद्यालय बनाए हैं। 40 हजार से ज्यादा शिक्षक लगाए, 30 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी। मोदी जी ने 15 हजार करोड़ रुपये बजट करने का काम जनजाति के लिए किया है। अटल जी ने ही सबसे पहले जनजाति आयोग गठन का काम किया था। मोदी जी ने 10 आदिवासी जननायकों के संग्रहालय बनाने का काम किया है। मोदी जी के नौ साल जनकल्याण, भारत गौरव के नौ साल रहे हैं। भारत की विश्व पताका फहराने का काम मोदी जी ने किया है।

पीएम मोदी के अफ्रीकी देश में पैर छू लिए, अमेरिका में मोदी-मोदी नारे लगे
शाह ने कहा पीएम मोदी जब जी-7 में भी गए थे, अभी अमेरिका गए। जी-7 में अफ्रीका में किसी ने मोदीजी के पैर छू लिए। जहां भी जाते हैं मोदी-मोदी के नारे लगे। मोदी जी को पूरे विश्व में जो सम्मान मिल रहा है वो मोदी जी या बीजेपी ने उदयपुर, मेवाड़, राजस्थान, भारत की जनता का सम्मान है। मोदी जी ने भारत के गौरव को ऊपर उठाया। विकास के हर पैरामीटर शिक्षा, आदिवासी कल्याण, महिला कल्याण, विदेश से इंवेस्टमेंट लाने में नए आयाम गढ़े। मोदी जी के नेतृत्व में राजस्थान में भी विकास का बहुत काम हुआ।

सोनिया-मनमोहन सिंह सरकार में आलिया, मालिया जमालिया घुस जाते थे और यहां बम धमाके करते थे
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा मोदी जी ने देश को 9 साल में सुरक्षित किया है। सोनिया मनमोहन सिंह सरकार में आलिया, मालिया जमालिया घुस जाते थे और हमारे यहां बम धमाके करते थे। 2014 और 2019 में आपने हमें 25 की 25 सीट दी। इस बार मौनी बाबा नहीं मोदी जी पीएम थे। कांग्रेस नहीं मोदी जी की सरकार थी। 10 दिन में आतंकवादियों का खात्मा करने का काम सर्जिकल स्ट्राइक करके किया।
विज्ञापन


कांग्रेस, सपा, स्टालिन, जदयू सारे इकट्ठा होकर काऊं-काऊं कर रहे
केंद्रीय गृहमंत्री ने लोगों से पूछा कि कश्मीर अपना है की नहीं है, धारा  370 हटानी चाहिए कि नहीं ? कांग्रेस, सपा, स्टालिन, जदयू सारे इकट्ठा होकर काऊ-काऊं कर रहे हैं। आपने दोबारा सरकार बनाई तो मोदी जी ने एक ही झटके में पांच अगस्त 2019 को समाप्त कर गिया। राहुल बाबा कहते थे कि धारा 370 मत हटाओ वरना खून की नदियां बह जाएंगे, राहुल बाबा खून की बात छोड़ो, किसी की कंकर चलाने की हिम्मत नहीं हुई है। 9 साल में मोदीजी ने देश को सुरक्षित और विकसित करने का काम किया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें