चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना पुलिस ने महिलाओं का चैन छीनने वाली पांच महिलाओं को दो साथियों के साथ पकड़ा है। ये महिलाएं चेन स्नैचिंग की वारदात करने में माहिर हैं।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात इंदौर के रहने वाले अरुण ने रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया था कि एक सलवार सूट पहने महिला ने उसकी दादी की चेन तोड़ ली। इस पर लोगों ने उस महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को महिला ने अपना नाम मीरा बावरिया बताया, जो दिल्ली की रहने वाली है। पुलिस ने महिला से चेन बरामद कर पूछताछ शुरू की तो उसने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए।
इस पर पुलिस टीम ने हरियाणा निवासी सुनीता, विकासपुरी दिल्ली निवासी रेखा और फूलबाई, नारनौल निवासी टीना, झुंझुनूं निवासी कमलेश और इनके अन्य साथियों विकास नगर दिल्ली के रहने वाले विष्णु व झुंझुनूं बड़ी पचेवर के मोनू को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग हरियाणा, दिल्ली और झुंझुनू से चित्तौड़गढ़ लग्जरी कार में आए थे। ये अलग—अलग शहरों में इसी तरह जाकर वारदात को अंजाम देते हैं।