उदयुपर कन्हैयालाल हत्याकांड की जांच एनआईए कर रही है। इस दौरान नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब कन्हैया के हत्यारों का हैदाराबाद से भी कनेक्शन जुड़ गया है। एनआई ने वहां रह रहे मुनव्वर हुसैन को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी कॉल डिटेल खंगालने के बाद टीम को उसकी जानकारी मिली थी। एनआईए की टीम मुनव्वर को लेकर बुधवार को जयपुर पहुंची और कई घंटों की पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्टर से मिली जानकारी के अनुसार मुनव्वर हुसैन बिहार के भागलपुर का रहने वाला है और अभी हैदराबाद में रह रहा था। वह एक मदरसे से जुड़ा है और वहां रहकर तालीम ले रहा था। हन्हैयालाल हत्याकांड में अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अब तक इन्हें किया गया गिरफ्तार
कन्हैया हत्याकांड में अब मुख्य आरोपी मोहम्मद रियाज, मोहम्मद गौस, मोहसिन खान, आशिक हुसैन, मोहम्मद मोहसिन, वसीम अत्तारी और मुनव्वर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्या कांग्रेस सरकार में हिंदू जीवन मायने रखता है?
इधर, भाजपा नेता अमित मालवीय ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, कि इस वीडियो में अशोक गहलोत की पुलिस नुपुर शर्मा को धमकी देने वाले सलमान चिश्ती को ट्यूशन दे रही है। साथ ही दावा कर रही है कि उसने नशे की हालत में बयान दिया था, जिससे उसे बचाया जा सके। क्या कांग्रेस सरकार में हिंदू जीवन मायने रखता है? उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान पुलिस उदयपुर की घटना टाल सकती थी।
गला रेतकर की गई थी कन्हैया की हत्या
28 जून मंगलवार को उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या कर दी गई थी। वह धानमंडी इलाके के भूत महल क्षेत्र में रहते थे और पेशे से दर्जी थे। दो मुस्लिम युवक कपड़े का नाप देने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे और धारदार हथियार से कन्हैया पर वार करना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हमलों ने कन्हैया को संभलने का मौका तक नहीं दिया। उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। हमले में दुकान पर काम करने वाला उसका साथी ईश्वर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।