पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
सीकर जिले के दांतारामगढ़ में सोमवार की देर रात्रि को तेज रफ्तार के कहर ने दो बाइक सवार युवकों की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार रेनवाल रोड़ पर करणीपुरा गांव के पास खाचरियावास से रामगढ़ की ओर आ रही बाइक को तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार विनोद कुमार व दिनेश भार्गव निवासी जालूंड की मौत हो गई।
रास्ते में तोड़ा दम
इधर, खाचरियावास पुलिस चौकी इंचार्ज बंशीधर ने बताया कि पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल को तेज टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। इस दौरान बाइक में भीषण आग लग गई। गांव के ही नवदीप सिंह जाटोलिया, कानाराम चंदेलिया व हेमराज कुमावत ने निजी वाहन से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया।
जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन दोनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि पिकअप की टक्कर से बाइक में आग लग गई और बाइक जलकर खाक हो गई। आज दोनों मृतक युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।