दौसा के कोतवाली थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने गोपनीय सूचना पर शातिर वाहन चोर गैंग के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की पंद्रह मोटरसाइकिल और कुएं में छुपा कर रखे भारी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं।
एसपी अनिल कुमार बताया कि अभियुक्त छोटेलाल मीना महवा थाने की जीप जलाने के मामले में शामिल था। दोनों ही आरोपी कई जिलों मे वांछित चल रहे हैं। आरोपी छोटेलाल के विरुद्ध जयपुर, दौसा, अलवर, टोंक भरतपुर जिले के विभिन्न थानों में 26 और रिंकू मटवास के विरुद्ध जयपुर और दौसा जिले के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि इस गैंग के सदस्य अपने गांव से बस या मोटरसाइकिल पर बैठकर दौसा और अन्य शहरों में जाते और शहर में अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों, मैरिज गार्डन, कॉलेज आदि स्थानों पर खड़े हो जाते। जो व्यक्ति उनके सामने अपना वाहन खड़ा कर कर चला जाता, उस पर नजर रखते। नजर चुरा कर मौका मिलते ही मास्टर की से वाहन का लॉक तोड़कर कुछ पल में ही शहर से बाहर निकल जाते हैं। चोरी के तुरंत बाद व्हाट्सएप पर वाहन की फोटो शेयर कर सौदा तय करते। वाहन मॉडल और कंडीशन के हिसाब से रेट फिक्स करके वाहन सप्लाई कर देते हैं।