घायलों को लाया गया अस्पताल, लेकिन किसी की नहीं बची जान।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के राजसमंद जिले में गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक-दो शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जिनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा जिले के भीम उपखंड मुख्यालय के पास सदारण के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ है। जहां गुरुवार शाम को एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। थाना अधिकारी संगीता बंजारा ने बताया कि हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे और शवों को पीएम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स के जवान भंवर सिंह (35), उनके बेटे अजय पाल सिंह, भाई ईश्वर सिंह, बेटा शैतान सिंह (13) और बेटी लीला सिंह (17) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में लीला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार लीला की सगाई दस दिन पहले ही हुई थी। जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन हादसे में परिवार की खुशियां छीन ली। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से घर ही नहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।