थाने के सामने ग्रामीणों का प्रदर्शन।
- फोटो : Amar Ujala Digital
दौसा जिले के बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के कोलवा पुलिस थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरियों की वारदात से परेशान ग्रामीणों को गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को किसान नेता और पूर्व पंचायत समिति सदस्य दौलत राम मीणा के नेतृत्व में कोलवा पुलिस थाने में पहुंच कर थाने के धरना देकर विरोध प्रदर्शन करते पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस से चोरियों की हुई वारदात का खुलासा करने की मांग पर अड़ गए।
पिछले कई दिनों से लगातार इलाके में चोरियों और अपराधों का ग्राफ अचानक बढ़ गया। जिसके चलते इलाकों में लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस करने लगे, तो आज उनका गुस्सा निकलकर बाहर आ गया और सैकड़ों की संख्या में लोग थाने का घेराव करने पहुंच गए।
ग्रामीणों का विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल थाने के गेट पर तैनात किया गया। ग्रामीणों की मानें तो क्षेत्र में बढ़ती चोरियों की वारदात पर चिंता जताई और कहा कि बढ़ती चोरियां कोलवा पुलिस की लापरवाही को जाहिर करती है। आमजन को अब सड़क पर उतरना पड़ा है। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पंचायत समिति सदस्य दौलत राम मीणा के नेतृत्व में कोलवा पुलिस थाने का घेराव कर धरना दिया, तो पुलिस ने ग्रामीणों के पांच सदस्यीय दल से वार्ता करते हुए मामलों पर जल्द कार्रवाई करने भरोसा दिलाया है।
हालांकि इस मौके पर स्थिति को भांपते मौजूद डीएसपी ईश्वर सिंह ने मामले को संभालते हुए प्रकरणों में जल्द कार्रवाई का आश्वसन दिया। उन्होंने कहा जल्द ही चोरियों का खुलासा कर वारदात की हकीकत सामने लाई जाएगी। आने वाले समय में चोरियों पर लगाम लगे, इसके लिए भी पुलिस तंत्र को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस पूरी तरह सक्रिय रहेगी।