सीमेंट के पाइपों से भरा ट्रोला नाले में धंसा
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के आलनपुर स्थित चमत्कारजी मंदिर के समक्ष आज एक दुखद हादसा सामने आया है। जहां सीमेंट के पाइपों से भरा एक ट्रोला नाले में धंस गया और ट्रोले में रखे सीमेंट के पाइप सड़क व नाले में गिर गये।
इस दौरान सड़क किनारे बैठा एक युवक इन पाइपों की चपेट में आ गया और नाले में गिर गया। युवक के ऊपर ट्रोले में रखे कई सारे सीमेंट के पाइप गिर गए। बताया जा रहा है कि पाइप के नीचे दबने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने नाले में गिरे सीमेंट के पाइपों को हटाकर युवक के शव को बाहर निकाला और जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया।
युवक की तलाश की गई
बता दें कि पुलिस के मुताबिक मृतक युवक आलनपुर निवासी 40 वर्षीय मुस्तकी उर्फ शानू पुत्र मंजूर खां है। वहीं दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति के नाले में पाइपों के नीचे दबे होने की आशंका के चलते पुलिस एंव प्रशासन द्वारा नाले में रेस्क्यू चलाया गया, करीब तीन घंटे तक कीचड़ भरे नाले में रेस्क्यू चलकर एक अन्य युवक की तलाश की गई, लेकिन नाले में कुछ नहीं मिला।
नाले की पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा
इस दौरान गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को सड़क से दूर खदेड़ दिया। जानकारी के मुताबिक चमत्कारजी मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर पिछले एक सप्ताह से नाले की पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके चलते सड़क की चौड़ाई आधी रह गई थी। इसी वजह से ट्रोले का पहिया नाले में धंस गया और यह दुर्घटना घटित हो गई।