बीसलपुर बांध अब मात्र 0.25 मीटर ही खाली रह गया।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की बड़ी आबादी को पेयजल सप्लाई करने वाले बीसलपुर बांध अब मात्र 0.25 मीटर ही खाली रह गया है। शाम 6 बजे तक बांध का जल स्तर 325.25 को क्रॉस कर चुका है। बांध में त्रिवेणी नदी की आवक लगातार जारी है। त्रिवेणी लगभग 4 मीटर के व्यास पर बह रही है। देवली एसई डैम सर्किल विरेंद्र सिंह सागर का कहना है कि जिस तरह से आवक हो रही है, उसे देखते हुए शुक्रवार सुबह तक बांध पूरी तरह भर जाएगा। दोपहर 12 बजे तक बांध के गेट खोले जा सकते हैं।
बांध 2019 के बाद पांच सालों के लंबे अंतराल के बाद इस बार पूरी तरह भरा है। बीते 20 सालों में बीसलपुर बांध 5 बार ओवर फ्लो हुआ है। बांध बनने के बाद पहली बार साल 2004 में इसमें पानी रोका गया और पहली बार ही पूरा भर गया था। उसके बाद साल 2006, 2014, 2016 व 2019 में यह बांध पूरा भर गया था।
जयपुर में जबरदस्त बारिश
राजधानी जयपुर में गुरुवार शाम 6 बजे से तेज बारिश हुई। खबर लिखे जाने तक शाम सवा 7 बजे तक भी बारिश की रफ्तार कम नहीं हुई। मौसम विभाग ने आज शाम को जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण व बूंदी जिले के आस-पास भारी वर्षा की तेचावनी भी जारी की थी। इसके लिए जयपुर मौसम केंद्र ने जयपुर में ओरेंज अलर्ट जारी किया था।