सदर थाना, टोंक और डीएसटी टीम ने अवैध मादक पदार्थ और बदमाशों को पकड़ने के लिए चलाई जा रही 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत 10.30 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से परिवहन में काम ली गई बाइक भी जब्त की गई है।
सदर थाना प्रभारी बृजमोहन कविया ने बताया कि एसपी संजीव नैन, ASP सरिता सिंह के आदेशानुसार टोंक DSP राजेश विद्यार्थी के निर्देशन में आम चुनाव 2024 आदर्श आचार संहिता व राज्य सरकार की 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत बदमाशों को पकड़ने, अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी सिलसिले में की जा रही गश्त के दौरान सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया और डीएसटी टीम को रीको क्षेत्र में बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। इस पर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 10.30 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से स्मैक और बाइक जब्त कर ली है।
गिरफ्तार किए गए युवकों ने अपने नाम फिरोज (23) पुत्र रफीक अब्बासी और अरुण तर्फ अन्नू (24) पुत्र प्रभुलाल ग्वाला बताए हैं।