थाने में बैठी पीड़ित नाबालिग लड़की।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के बूंदी जिले में एक 15 साल की नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने एक विवाह समारोह में नाबालिग से गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना जिले के नमाना थाना क्षेत्र की है। केवड़िया गांव में एक विवाह समारोह का आयोजन था। जिसमें शामिल होने के लिए 15 साल की नाबालिग गई थी। इसी समारोह में आरोपी तीन लड़के आए हुए थे। मौका लगते ही आरोपी नाबालिग को उठा ले गए और फिर तीनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया।
घर पहुंची पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद नाबालिग पीड़िता ने मां के साथ नमाना थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़िता ने एक आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है, वहीं दो अन्य आरोपी अज्ञात है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बूंदी के एक अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल भी कराया है।