भुसावर थाना क्षेत्र के रणधीर गढ़ गांव में चार अक्टूबर 2022 की रात दो-तीन घरों में डकैती की वारदात के बाद फायरिंग कर एक ग्रामीण को घायल कर देने के मामले में पुलिस ने थाना गोलूवाला जिला हनुमानगढ़ निवासी आरोपी रवि बाबरिया (29) एवं राजेंद्र बाबरिया (30) तथा थाना आदमपुर जिला हिसार हरियाणा निवासी विष्णु बाबरिया (24 ) को प्रोडक्शन वारंट पर दौसा जेल से गिरफ्तार किया है।
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि चार अक्टूबर 2022 को रणधीर गढ़ गांव निवासी पीड़ित राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने इलाज के दौरान हॉस्पिटल में थाना भुसावर पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके गांव के दो तीन घरों में डकैती करने के बाद अज्ञात बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनके गांव के लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो डकैतों ने फायर कर दिया, जिससे एक गोली उसके बाएं पैर के घुटने में लगी। बाद में डकैत जंगल की तरफ भाग गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
डकैती के मामले में दौसा पुलिस ने गिरफ्तार किए गए इन अभियुक्तों से पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। थानाधिकारी भुसावर मदनलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने दौसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें गिरफ्तार किया है।