पाली मेडिकल कालेज में हुआ देहदान
- फोटो : अमर उजाला
पाली और आसपास के जिलों में देहदान और नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ रही है। इस वजह से यहां पर देहदान बढ़ रहे हैं। पाली मेडिकल कालेज में तीसरा देहदान किया गया है। ये देहदान सोजत के रहने वाले हरिराम गुर्जर के बेटे का हुआ है।
पाली मेडिकल कालेज के अधिकारियों ने बताया कि चेतन प्रकाश गुर्जर का असामयिक निधन हो गया था। निधन के बाद परिजनों ने आंखें दान देने केलि आई बैंक सोसायटी में संपर्क किया। आई बैंक सोसायटी पाली चेप्टर के अध्यक्ष हुक्मीचंद मेहता ने नेत्रदान के बाद परिजनों को देहदान करने के बारे में बताया। इस पर परिवार वाले तैयार हो गए। फिर हरिराम गुर्जर ने अपने बेटे का देहदान भी किया। नेत्रदान के बाद कॉर्निया को जयपुर भेजा गया है। जहां दो दृष्टिबाधितों को कार्निया प्रत्यारोपित करके दृष्टि प्रदान की जाएगी।
आई बैंक के सचिव कवाड़ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इस साल तीसरा देहदान हुआ है। अब 22 देहदान मेडिकल कालेज में हो चुके हैं। मेडिकल कॉलेज पाली के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि चेतन प्रकाश के देहान्त के बाद पार्थिव शरीर का देहदान मेडिकल कॉलेज में ही करवाया गया। उनके दान से मेडिकल कालेज के छात्रों को अध्ययन में बहुत मदद मिलेगी। देहदान के अवसर पर पिता हरिराम गुर्जर, माता सुखीदेवी, बहनदुर्गा गुर्जर, मामा मंगलाराम, सोहन पंवार, पियुष चैहान, देवाराम गुर्जर, पुखाराम, कानाराम, बींजाराम, देवाराम समेत कई सामाजिक लोग मौजूद रहे।