सिरोही ज़िले में चोर इस कदर बेख़ौफ़ हो चुके हैं कि अब उन्हें जिला मुख्यालय पर भी कार्रवाई का डर नहीं है। दिनदहाड़े और सरेआम चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे चोरों में पुलिस का खौफ हो चुका है। रविवार को भी चोरों ने सरेआम एक महिला के गले से चेन तोड़ ली। घटना सिरोही बस स्टैंड की है, जहां शिवगंज की एक महिला अपने पीहर जा रही थी। तभी सुबह साढ़े दस बजे सिरोही बस स्टैंड पर एक बदमाश ने उसके गले से दो तोले की सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गया।
जानकारी अनुसार शिवगंज निवासी माया पत्नी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल के बेटे की शादी के कार्ड बांटने के लिए स्वरूपगंज अपने पीहर जाने के लिए रवाना हुई। सिरोही पहुंचकर महिला स्वरूपगंज जाने वाली बस में सवार होने लगी। बस में चढ़ते समय एक पतला दुबला लड़का बस के गेट पर खड़ा था। महिला ने उससे रास्ते से हटने के लिए कहा इतने में आरोपी ने उतरते समय महिला के गले से चेन छीन ली और वहां मौके से फरार हो गया। चेन स्नेचिंग की वारदात की सूचना पर सिरोही कोतवाली थाने के ASI शैतान सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सीसीटीवी खंखाले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।