कांग्रेस के दबाव में स्वदेशी और स्वरोज़गार मेले की अनुमति रद्द करने का आरोप लगाते हुए स्वदेशी जागरण मंच ने सरकार से पांच करोड़ की क्षतिपूर्ति मांगी है। राहुल गांधी की सभा के कारण जयपुर के मानसरोवर स्थित ग्राउंड पर मेला रद्द किया गया है। कांग्रेस के दबाव में स्वदेशी और स्वरोज़गार मेले की अनुमति रद्द करना गलत है। दौसा कलेक्टर चेंबर के सामने मंच के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
23 से 30 सितंबर तक मानसरोवर के वीटी रोड मैदान में आयोजित होने वाले स्वदेशी और स्वरोजगार मेले की अनुमति रद्द करने के विरोध में शुक्रवार को स्वदेशी जागरण मंच समेत 18 संगठनों के कार्यकर्ताओं में दौसा कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। जैसे ही कार्यकर्ता दौसा कलेक्टर कमर चौधरी को ज्ञापन देने पहुंचे, कर्मचारियों ने कलेक्टर के वीसी से जुड़े होने की बात कहते हुए एडीएम को ज्ञापन देने को कहा। इस पर कार्यकर्ता नाराज होकर कलेक्टर चेंबर के सामने धरने पर बैठ गए।
करीब 15 मिनट तक कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। इसके बाद कलेक्टर ने उन्हें बुलाकर ज्ञापन लिया। कलेक्टर ने वीसी से जुड़े होने की बात कही और मंच के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए युवाओं को रोजगार मेले से वंचित होने की बात कही।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक मनोज राघव ने बताया कि स्वर्णिम भारत वर्ष फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वदेशी और स्वरोजगार मेले में रोजगार मेला (जॉब फेयर) भी आयोजित किया जाना था, जिसमें मुख्य 50 कंपनियों द्वारा हजारों युवाओं को रोजगार दिया जाना संभावित था। साथ ही प्रदेश के हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादकों की सैकड़ों स्टॉल्स भी बुककर ली गई हैं। जिससे ग्रामीण हस्तशिल्पियों और लघु उद्योगों को बाजार प्रदान किया जाना है।
इस मेले के आयोजन के लिए लाखों रुपये विज्ञापन और प्रचार प्रसार में लग चुके हैं। फाउंडेशन द्वारा टेंट, सुरक्षा और अन्य सेवाओं के लिए अब तक 2 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके थे, लेकिन हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों द्वारा अवगत करवाया गया कि इस स्थान पर कांग्रेस के बड़े नेता की मीटिंग होने वाली है। ऐसे में मेला स्थगित कर दीजिए। मेले के स्थगित किए जाने से हजारों युवक रोजगार मेले से वंचित होंगे और सैकड़ों हस्तशिल्पी और लघु उद्यमी रोजगार से वंचित होंगे।
पांच करोड़ की क्षतिपूर्ति करनी चाहिए
इससे आयोजन समिति को पांच करोड़ का नुकसान हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार को पांच करोड़ की क्षतिपूर्ति करनी चाहिए। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के मनोज राघव, पंडित राधेश्याम शर्मा, राजबहादुर शर्मा, राजेश तिवाड़ी, संतोष जांगिड़, अश्विनी शर्मा, अरविंद मीना, मेघ सिंह राजावत, बनवारी लाल बैरवा, भारतीय जनता पार्टी के दीपक जोशी, महेंद्र तिवाडी, आलोक जैन, राजेन्द्र शर्मा सुरेश धोषी, प्रहलाद महेश्वरा, देवेन्द्र शर्मा, राजाराम मीना, भूपेन्द्र सिंह बीचलवास, भारतीय मज़दूर संघ के ज़िलाध्यक्ष कालूराम मीना, अनूप शर्मा, महेश शर्मा, भारतीय किसान संघ के रमेश भंडाणा, विद्या भारती के सुरेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, नंदलाल गुप्ता, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के एडवोकेट दुर्गा प्रसाद सैनी, एडवोकेट सेडूराम, सेवा भारती के मोहन लाल शर्मा, एबीवीपी के ज़िला संयोजक हर्षवर्धन शर्मा, अमित गुमानपुरा, रत्तीराम मीना, बलराज सिंह राघव, सौरभ चौधरी, वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश मीना, नरेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।